UP IPS Transfer: यूपी में 30 IPS अधिकारियों के तबादले, लक्ष्मी सिंह बनीं गाजियाबाद की पुलिस कमिश्नर
उत्तर प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 30 IPS अधिकारियों के तबादले किए गए। लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद, जे. रविंदर गौड़ को नोएडा और मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया।
लखनऊ, उत्तर प्रदेश , 28 नवंबर 2026 । उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन के भीतर बड़ा फेरबदल किया गया है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने 30 आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल में सात एडीजी रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं। गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, वाराणसी और प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर भी बदल दिए गए हैं।
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्ध नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, लखनऊ नियुक्त किया गया है। वहीं, लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
एडीजी स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन भेजा गया है, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन की जिम्मेदारी दी गई है। एसके भगत को डीजीपी मुख्यालय और प्रशांत कुमार को एडीजी आगरा जोन में नई जिम्मेदारी मिली है।
जिला स्तर पर भी बदलाव हुआ है। अयोध्या के एसएसपी गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद और मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है। इसके साथ ही कई डीआईजी, डीसीपी और पीएसी अधिकारियों की भी नई तैनाती की गई है।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के कई महत्वपूर्ण पुलिस कमिश्नरेट और जोन में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है।