भारत में बैन की मांग के बीच पाकिस्तानी सीरीज का ट्रेलर रिलीज

फवाद-माहिरा फिर साथ आए नजर; 4 दिसंबर को होगा प्रीमियर

0

मुंबई , 25 नवंबर 2026। नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। भारत में इस सीरीज को बैन करने की मांग उठ रही है। इसी बीच मेकर्स ने 24 नवंबर को इसका ट्रेलर जारी कर दिया। खास बात यह है कि इसमें पाकिस्तानी सितारे फवाद खान और माहिरा खान एक बार फिर साथ नजर आ रहे हैं। सीरीज में हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर और इकरा अजीज जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसका ग्लोबल प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को होगा।

फवाद खान और माहिरा खान को साथ लाने वाली इस सीरीज के ट्रेलर ने जहां दर्शकों का ध्यान खींचा है, वहीं ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने इसके विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर भारत में रिलीज रोकने की मांग की है।

तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों पर आधारित यह शो 4 दिसंबर को ग्लोबल स्तर पर रिलीज होने वाला है, लेकिन भारत में इसके प्रसारण होगा या नहीं, इस पर नेटफ्लिक्स ने अभी कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।

तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियां दिखाएगा शो

‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की कहानी मशहूर लेखिका फरहत इश्तियाक के लोकप्रिय उर्दू उपन्यास पर आधारित है। इस सीरीज में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों को दिखाया जाएगा। कहानी में प्यार, परिवार, रिश्तों की उलझनें, बिछड़ना और पुराने जख्म जैसे विषय शामिल हैं।

ट्रेलर की शुरुआत इस लाइन से होती है कि हर प्रेम कहानी शुरू होने से पहले ही शुरू हो जाती है। इसके बाद अलग-अलग किरदारों की जिंदगी और उनके रिश्तों की झलक दिखाई जाती है।

फवाद खान और माहिरा खान की जोड़ी फिर चर्चा में

फवाद खान इस सीरीज में महमूद का किरदार निभा रहे हैं। उसकी जिंदगी में ऐसा मोड़ आता है, जब परिस्थितियां उसे वापस अपने गांव लौटने और अपने कबीले की जिम्मेदारी संभालने के लिए मजबूर करती हैं। कहानी में सनम सईद का किरदार विटोरिया भी अहम है, जिसके साथ महमूद का जटिल रिश्ता दिखाया गया है।

वहीं, माहिरा खान राहत के किरदार में नजर आएंगी। उनके साथ अहमद अली अकबर दिखाई देंगे। ट्रेलर में राहत के अतीत और वकार खान के साथ उसके अधूरे रिश्ते की भी झलक मिलती है।

हानिया आमिर और अहद रजा मीर की कहानी भी खास

सीरीज में अहद रजा मीर ने सिकंदर नाम के पाकिस्तानी वकील का किरदार निभाया है, जो रोम में रहता है। एक दर्दनाक अनुभव के बाद वह नींद न आने और बुरे सपनों की समस्या से जूझता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात लिजा से होती है, जिसका किरदार इकरा अजीज निभा रही हैं।

दूसरी ओर, हानिया आमिर कुलसुम के किरदार में हैं। उसकी जिंदगी में जैन नाम का युवक आता है, जिसका किरदार खुशहाल खान ने निभाया है। ट्रेलर में उनके रिश्ते के मुश्किल और हिंसक पहलुओं की झलक भी दिखाई गई है।

भारत में बैन की मांग क्यों उठी?

सीरीज के ट्रेलर के साथ ही भारत में इसका विरोध भी तेज हो गया है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नेटफ्लिक्स इंडिया पर इस सीरीज की स्ट्रीमिंग रोकने की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने पाकिस्तानी कलाकारों और कंटेंट को भारतीय OTT प्लेटफॉर्म, टेलीविजन और सिनेमाघरों में दिखाने पर स्थायी रोक लगाने के लिए कानून बनाने की मांग भी की है।

AICWA ने अपने विरोध में राष्ट्रीय सुरक्षा और पाकिस्तान से जुड़े मौजूदा तनाव का हवाला दिया है। संगठन का कहना है कि पाकिस्तानी कंटेंट को भारतीय प्लेटफॉर्म पर जगह नहीं मिलनी चाहिए।

8 मई 2025 की एडवाइजरी का दिया हवाला

AICWA ने अपने पत्र में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की 8 मई 2025 की एडवाइजरी का भी उल्लेख किया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी इस निर्देश में OTT प्लेटफॉर्म और डिजिटल माध्यमों को पाकिस्तानी मूल के कंटेंट की स्ट्रीमिंग रोकने के लिए कहा गया था।

एसोसिएशन का तर्क है कि इस एडवाइजरी का सख्ती से पालन होना चाहिए। उसने नेटफ्लिक्स इंडिया समेत सभी OTT प्लेटफॉर्म से सीरीज को भारत में रिलीज नहीं करने की अपील की है।

भारत में रिलीज होगी या नहीं, अभी स्थिति साफ नहीं

सीरीज का ग्लोबल प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को निर्धारित है। हालांकि, भारत में इसकी उपलब्धता को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। नेटफ्लिक्स ने भारतीय दर्शकों के लिए रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया है।

इस तरह एक तरफ फवाद खान और माहिरा खान की वापसी को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है, तो दूसरी तरफ बैन की मांग ने सीरीज को रिलीज से पहले ही विवादों के केंद्र में ला दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.