उत्तरकाशी में भीषण आग: 33 मकान जलकर राख, 58 परिवार प्रभावित

उत्तरकाशी के मोरी तहसील स्थित पवाणी गांव में आग ने मचाई भारी तबाही। गैस सिलेंडर फटने के बाद आग तेजी से फैली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

0

उत्तरकाशी, उत्तराखंड, 25 नवंबर 2026 | उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से भीषण अग्निकांड की दर्दनाक खबर सामने आई है। मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार, 24 नवंबर की शाम लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि 58 परिवार प्रभावित हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, गांव में एक मकान से आग शुरू हुई और लकड़ी से बने घरों के कारण तेजी से आसपास फैल गई। इस दौरान 5 से 7 रसोई गैस सिलेंडर फटने की भी सूचना है, जिससे आग और भड़क गई। आग की चपेट में गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आ गए।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, आग शाम करीब 4:49 बजे लगी और रात 9:16 बजे तक उस पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के दौरान एक व्यक्ति घायल भी हुआ। राहत की बात है कि किसी की मौत या पशुहानि की सूचना नहीं मिली है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, सुरक्षित आश्रय और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल नुकसान का आकलन और राहत कार्य जारी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.