देहरादून, 24 नवंबर 2026। उत्तराखंड जैसे प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से संवेदनशील राज्य में अब आपदा प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य में हर साल 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक करना, राहत एवं बचाव व्यवस्था को मजबूत बनाना और प्रशासन से लेकर आम नागरिकों तक बेहतर तैयारी सुनिश्चित करना है।
इस साल 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर के स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, विकासखंडों और तहसीलों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, 27 नवंबर को देहरादून सचिवालय के विश्वकर्मा भवन में मुख्य कार्यक्रम होगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को राज्य में आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस वर्ष 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में विद्यालयों, कार्यालयों, विकासखंडों और तहसील स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम, मॉक ड्रिल एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 27 नवंबर को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
28 नवंबर को ही क्यों मनाया जाएगा आपदा प्रबंधन दिवस?
उत्तराखंड में 28 नवंबर की तारीख सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू अभियान की ऐतिहासिक सफलता से जुड़ी है। वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को करीब 17 दिनों के चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद 28 नवंबर को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
इसी सफल बचाव अभियान की याद को स्थायी बनाने और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर साल इस तारीख को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है।
बिना इंटरनेट के भी मोबाइल पर मिलेगा आपदा का अलर्ट
धामी सरकार आपदा के समय लोगों तक समय पर सूचना पहुंचाने के लिए आधुनिक चेतावनी प्रणाली विकसित कर रही है। इसके तहत सेल ब्रॉडकास्ट आधारित अलर्ट सिस्टम का सफल परीक्षण किया गया है।
इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि मोबाइल में किसी विशेष ऐप या इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी। आपात स्थिति में सीधे मोबाइल फोन पर चेतावनी संदेश भेजा जा सकेगा।
इसके अलावा कॉमन अलर्ट प्रोटोकॉल, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सर्विस 112, पुलिस और वन विभाग के वायरलेस नेटवर्क, ई-मेल और सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों तक चेतावनी पहुंचाने की व्यवस्था है।
प्रदेश में लगाए गए 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर
आपदा की निगरानी और समय रहते खतरे का आकलन करने के लिए उत्तराखंड में 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं। इनमें 432 मौसम सेंसर, 87 हाइड्रोलॉजिकल सेंसर, तीन डॉप्लर वेदर रडार और तीन लाइटनिंग सेंसर शामिल हैं।
इसके अलावा राज्य में 434 सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं। भूदेव और सचेत ऐप के माध्यम से भी आपदा संबंधी सूचनाएं प्रसारित की जाती हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य दूरस्थ और दुर्गम इलाकों तक भी आपातकालीन सूचना पहुंचाना है।
2.69 लाख से ज्यादा लोगों को मिला आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण
सरकार ने आपदा प्रबंधन में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया है। स्कूली बच्चों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा गया है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनके माध्यम से 2,69,038 लोगों को प्रशिक्षित किया गया। अकेले 2025-26 में 972 कार्यक्रमों के जरिए 1,19,497 लोगों को प्रशिक्षण मिला।
युवा आपदा मित्र और आपदा सखी जैसी पहल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है।
वसुधारा ताल में स्थापित हुई सेंसर आधारित चेतावनी प्रणाली
उत्तराखंड में ग्लेशियल झीलों से आने वाले संभावित खतरों को देखते हुए वैज्ञानिक निगरानी व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। चमोली जिले के वसुधारा ताल में राज्य की पहली सेंसर आधारित ग्लेशियल लेक अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित की गई है।
इसके साथ ही GIS आधारित जोखिम मानचित्रण, बाढ़ और जलभराव की आशंका का आकलन तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। इससे प्रशासन को संभावित खतरे की पहचान करने और समय रहते बचाव की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
28 नवंबर को प्रदेशभर में होगी मॉक ड्रिल
आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और ग्राम पंचायतों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें भूकंप, बाढ़, आग और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास शामिल है।
राज्य से तहसील स्तर तक करीब 300 स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित करने की योजना है। इसके जरिए राहत शिविरों की व्यवस्था, आपातकालीन निकासी मार्ग, बचाव उपकरणों और विभागों के बीच समन्वय की जांच की जाएगी।
आपदा प्रभावितों के मुआवजे में भी बढ़ोतरी
सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों को मिलने वाली सहायता राशि के मानकों में भी बढ़ोतरी की जानकारी दी है। केंद्र सरकार की ओर से SDRF और NDRF के तहत कई मदों में सहायता राशि बढ़ाई गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आपदा में मृत्यु होने पर मिलने वाली सहायता राशि 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये प्रति व्यक्ति की गई है। इसके अलावा मकान, फसल और पशुधन के नुकसान पर मिलने वाली सहायता में भी वृद्धि की गई है।
राहत-बचाव व्यवस्था को आधुनिक बनाने की तैयारी
राज्य में आपदा प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 36 पुलों का निर्माण, आठ सड़कों पर सुरक्षा कार्य, आपदा आश्रयों का निर्माण और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को मजबूत करने जैसे काम शामिल हैं।
इसके साथ ही SDRF को आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरण उपलब्ध कराने और 18 फायर स्टेशन तथा प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण की योजना भी बनाई गई है।
उत्तराखंड सरकार का लक्ष्य आपदा प्रबंधन को केवल घटना के बाद राहत और बचाव तक सीमित न रखकर पूर्व चेतावनी, वैज्ञानिक जोखिम आकलन, प्रशिक्षण और त्वरित प्रतिक्रिया की समन्वित व्यवस्था बनाना है। हर साल 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाने की पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।