भारत-यूरोपीय संघ एफटीए से व्यापार, निवेश के नए अवसर खुलेंगे: जर्मनी के राज्य प्रमुख

भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते से कारोबार, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा। जर्मनी के लोअर सैक्सोनी के प्रमुख ओलाफ लीस ने बताया दोनों पक्षों के लिए बड़ा अवसर।

0

नई दिल्ली, 24 नवंबर 2026। जर्मनी के एक राज्य के प्रमुख ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से दोनों पक्षों के बीच निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

 

भारत और 27 सदस्यीय इस समूह के बीच एफटीए के लिए बातचीत जनवरी में पूरी हो गई थी और दिसंबर में इस समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

जर्मनी के लोअर सैक्सोनी राज्य के मिनिस्टर-प्रेसीडेंट (प्रमुख) ओलाफ लीस ने सोमवार को कहा कि प्रस्तावित समझौते से भारत में निवेश करने की इच्छुक उनके राज्य की कंपनियों के साथ ही जर्मनी में अवसर तलाश रहे भारतीय व्यवसायों को भी लाभ होगा।

राज्य संसद के सदस्यों सहित लगभग 60 राजनीतिक और व्यावसायिक प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे लीस ने सोमवार को भारत की अपनी आधिकारिक यात्रा शुरू की। वह अपनी यात्रा के दौरान दिल्ली, पुणे और मुंबई में बैठकें करेंगे।

लीस ने नई दिल्ली स्थित जर्मनी के दूतावास में एक सभा को संबोधित करने के बाद कहा कि एफटीए ”हमारे देशों के बीच अधिक निवेश, अधिक व्यापार और अधिक कारोबार के लिए एक बड़ा अवसर है।”

उन्होंने कहा, ”मुझे भरोसा है कि इस साल के अंत तक एफटीए को लेकर कोई समाधान निकल आएगा।”

 

लोअर सैक्सोनी जर्मनी के 16 राज्यों में से एक है और देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित है, जिसकी सीमा उत्तरी सागर से लगती है। इसकी राजधानी हनोवर है। करीब 81 लाख से अधिक की आबादी के साथ यह क्षेत्रफल के लिहाज से जर्मनी का दूसरा सबसे बड़ा और जनसंख्या के लिहाज से चौथा सबसे बड़ा राज्य है।

साभार: वेब वार्ता

Leave A Reply

Your email address will not be published.