फरीदाबाद : पोस्टमार्टम में खुलासा, जिंदा महिला को पत्थर बांधकर नाले में फैंका, डूबने से हुई मौत

समयपुर नाले में मिला था 25 से 30 साल की महिला का शव, डायटम टेस्ट में फेफड़ों में मिले पानी के अंश; पुलिस पहचान और हत्यारोपियों की तलाश में जुटी।

0

फरीदाबाद, 23 नवंबर 2026। समयपुर नाले में पत्थर से बांधकर फेंकी गई महिला की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से अहम सुराग मिला है। डायटम टेस्ट में महिला के फेफड़ों में पानी के अंश पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि नाले में फेंके जाने के दौरान महिला जिंदा थी और उसकी मौत डूबने से हुई। हालांकि, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि उसे पहले बेहोश या बेसुध तो नहीं किया गया था। 14 नवंबर को समयपुर नाले में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। हत्यारोपियों ने शव को चुन्नी और चादर जैसे कपड़ों से करीब 15 से 20 किलो के पत्थर के साथ बांध रखा था, ताकि शव पानी में ऊपर न आ सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पत्थर बांधने के पीछे शव को छिपाने और उसकी पहचान मिटाने की कोशिश तो नहीं थी। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक महिला की उम्र 25 से 30 साल के बीच थी। उसके शरीर पर मंगलसूत्र और शादी से जुड़े अन्य आभूषण मिले थे। शव लंबे समय तक पानी में रहने के कारण काफी गल चुका था। इस वजह से चेहरा और शारीरिक पहचान के दूसरे संकेत स्पष्ट नहीं हो पाए। घटनास्थल से भी कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे पुलिस को महिला के नाम और पते का सुराग मिल सके। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच और सीन ऑफ क्राइम की टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटा चुकी हैं। फिलहाल जांच में सबसे बड़ी अड़चन मृतका की पहचान है। पुलिस आसपास के जिलों में महिलाओं की गुमशुदगी की शिकायतों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। पहचान सामने आने के बाद ही यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि महिला कहां रहती थी, किन लोगों के संपर्क में थी और आखिरी बार उसे किसके साथ देखा गया था।

साभार: वेब वार्ता

Leave A Reply

Your email address will not be published.