नई दिल्ली, 18 नवंबर,2026। दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में क्वीन बार के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस टीम पर भी गोलियां चलाईं। इनमें से दो गोलियां सब-इंस्पेक्टर रविंदर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। हालांकि, जैकेट की वजह से उनकी जान बच गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी सतिंदर के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, इस फायरिंग के पीछे इलाके में दबदबा कायम करने और बार-रेस्टोरेंट संचालकों से रंगदारी वसूलने की साजिश सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, 16 और 17 नवंबर की रात पंचकुइयां रोड स्थित क्वीन बार में आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचे थे। आरोप है कि बार में रंगदारी मांगने को लेकर विवाद हुआ और इसके बाद आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
सोनिया विहार में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
पुलिस को जांच के दौरान मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा के उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। उसने कुल तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से दो सब-इंस्पेक्टर रविंदर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली सतिंदर के बाएं पैर में लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आधुनिक पिस्तौल, तीन खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
मुख्य आरोपी समेत तीन बदमाश गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा (30) के अलावा जितेश गोला (35) और अमित गोहर (22) को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करके दोनों अन्य आरोपियों को पकड़ा। तीनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि फायरिंग की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
16-17 नवंबर की रात क्वीन बार में हुई थी फायरिंग
यह घटना 16 और 17 नवंबर की दरमियानी रात पहाड़गंज के पंचकुइयां रोड स्थित क्वीन बार में हुई थी। पुलिस को 17 नवंबर की रात करीब एक बजे फायरिंग की सूचना मिली थी।
शिकायत के मुताबिक, सतिंदर और जितेश अपने साथियों के साथ रात करीब 11:55 बजे बार पहुंचे थे। वहां विवाद होने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर दो राउंड फायरिंग की और धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
बार और रेस्टोरेंट से रंगदारी वसूलना था मकसद!
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इलाके में अपना दबदबा कायम करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने बार और रेस्टोरेंट संचालकों के बीच डर पैदा करने की योजना बनाई थी, ताकि उनसे रंगदारी वसूली जा सके।
पुलिस के अनुसार, सतिंदर के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं जितेश के खिलाफ रंगदारी समेत तीन मामले और अमित के खिलाफ दो मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस खंगाल रही पूरे नेटवर्क के तार
दिल्ली पुलिस अब आरोपियों को हथियार मुहैया कराने वाले लोगों और उनके अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पहाड़गंज के दूसरे बार और रेस्टोरेंट भी इस कथित रंगदारी नेटवर्क के निशाने पर थे या नहीं।
फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की आगे की जांच जारी है। सब-इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर दो गोलियां लगने की घटना ने इस मुठभेड़ की गंभीरता को भी सामने ला दिया है।