रुद्रप्रयाग में बारातियों की गाड़ी गहरी खाई में गिरी, 4 की मौत और 6 घायल

दुर्गम पहाड़ी में छह घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

0

रुद्रप्रयाग, 17 नवंबर 2026 | उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। अगस्त्यमुनि विकासखंड की क्यूंजा घाटी में बारात से लौट रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और जिला आपदा प्रतिवादन बल (DDRF) की टीमों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में करीब छह घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

दुर्घटना की खबर मिलते ही SDRF और पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन शुरू किया गया। वाहन सवार घायलों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया और मृतकों के शव पोस्‍टमार्टम के लिए भेजे गए। जिस इलाके में दुर्घटना हुई, वहां सड़क मार्ग उपलब्ध न होने और अत्यंत दुर्गम पहाड़ी भूभाग होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। SDRF, DDRF जवानों और स्थानीय लोग करीब 4 किमी पैदल चले और घायलों को मुख्य सड़क तक पहुंचाया गया।

कंडारा रोड पर हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार रात करीब नौ बजे कंडारा मोटर मार्ग पर हुई। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। सभी लोग पोखरी क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद रांसी और आसपास के गांवों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हनुमान मंदिर के पास वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने राहत एवं बचाव दलों को मौके पर भेजा। अगस्त्यमुनि पुलिस, SDRF और ऊखीमठ से पहुंची DDRF की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया।

दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में छह घंटे चला रेस्क्यू

दुर्घटना स्थल तक पहुंचना बचाव दलों के लिए बड़ी चुनौती था। गहरी खाई और कठिन पहाड़ी भूभाग के कारण राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचावकर्मियों ने रातभर अभियान चलाकर वाहन में सवार सभी 10 लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि छह घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

रिपोर्टों के मुताबिक, घायलों में चार की स्थिति गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। अन्य दो घायलों को सामान्य चोटें आईं।

हादसे में इन चार लोगों की गई जान

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), सूरत सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) के रूप में हुई है। इनमें से दो रांसी गांव, एक देड़ा गांव और एक रांसी क्षेत्र की दादा गैड़ बस्ती के निवासी बताए गए हैं।

वहीं, घायलों में उम्मेद सिंह राणा, राजेंद्र सिंह, लविश राणा, वंशिका, उर्मिला देवी और पूजा शामिल हैं। चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर रेफर किया गया।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की खबर गांवों तक पहुंचते ही शोक का माहौल बन गया। शादी समारोह से लौट रहे लोगों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।

पहाड़ी रास्तों पर रात के समय सफर और दुर्गम सड़कों पर वाहन चलाने के दौरान सावधानी बरतना कितना जरूरी है, यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है। हालांकि, दुर्घटना की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.