अमेरिका में मिसिसिपी नदी पर बड़ा जहाज हादसा! टैंकर की टक्कर से पलटा क्रूज जहाज, 32 लोग अस्पताल में भर्ती
न्यू ऑरलियन्स में तेल टैंकर Atlantic Asphalt ने नदी में खड़े American Heritage क्रूज जहाज को टक्कर मार दी। हादसे के बाद जहाज पलट गया। सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया।
न्यू ऑरलियन्स, लुइसियाना, अमेरिका, 14 नवंबर 2026| अमेरिका की मिसिसिपी नदी पर 13 नवंबर को एक बड़ा समुद्री हादसा हुआ। न्यू ऑरलियन्स के पोर्ट के पास खड़े यात्री क्रूज जहाज American Heritage को Atlantic Asphalt नाम के एक बड़े टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूज जहाज पलटकर नदी में एक तरफ झुक गया और उसका बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। उस समय जहाज पर यात्री और क्रू मेंबर्स मौजूद थे। टक्कर के बाद कई लोग नदी में गिर गए, जिसके बाद अमेरिकी तटरक्षक बल, पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल ने तत्काल अभियान शुरू किया।
न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने बताया कि सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स का पता लगा लिया गया है। हादसे में 32 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई और किसी की मौत नहीं हुई।
अधिकारियों के मुताबिक, टैंकर के नियंत्रण खोने या स्टीयरिंग में खराबी की आशंका है। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। अमेरिकी तटरक्षक बल और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड मामले की जांच कर रहे हैं।