अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार के लिए मिली अंतरिम पैरोल, अदालत ने लगाईं सख्त शर्तें

अमृतसर की अदालत ने खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की कस्टडी पैरोल की अनुमति दी। हालांकि, यात्रा और तारीख को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है।

0

अमृतसर, पंजाब, 14 नवंबर 2026| पंजाब के खडूर साहिब से सांसद और वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत से अस्थायी राहत मिली है। अमृतसर की विशेष अदालत ने 13 नवंबर को उन्हें एक दिन की कस्टडी पैरोल देने का आदेश दिया।

अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का 8 नवंबर को 84 वर्ष की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार अमृतसर जिले के उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में होना है। परिवार ने अमृतपाल की मौजूदगी की उम्मीद में अंतिम संस्कार टाल दिया था।

अदालत के शुरुआती आदेश के अनुसार, उन्हें 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पुलिस सुरक्षा में गांव ले जाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, असम की डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब पहुंचने में व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण उनके वकीलों ने तारीख बदलने की मांग की है।

अदालत ने मुलाकात के दौरान मीडिया से बातचीत, सार्वजनिक सभा और अन्य स्थानों पर जाने पर प्रतिबंध लगाया है। उन्हें निर्धारित समय के बाद वापस जेल ले जाने का निर्देश भी दिया गया है।

गौरतलब है कि अमृतपाल अप्रैल 2023 से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। यह राहत केवल पारिवारिक कार्यक्रम के लिए है, नियमित जमानत नहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.