चंडीगढ़, पंजाब,13 नवंबर 2026 | पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 11 नवंबर 2026 तक राज्य में पराली जलाने के कुल 5,517 मामले दर्ज किए गए हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है।
आंकड़ों के मुताबिक, फिरोजपुर में सबसे ज्यादा 728 मामले दर्ज हुए हैं। इसके बाद तरनतारन में 687, संगरूर में 628 और बठिंडा में 499 घटनाएं सामने आई हैं।
केंद्र सरकार के निर्देश पर CAQM के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने 12 नवंबर को पंजाब के फतेहगढ़ साहिब, खन्ना और पटियाला का दौरा कर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान खेतों में निगरानी बढ़ाने, सैटेलाइट से आग के स्थानों की पहचान करने और पराली प्रबंधन मशीनों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया गया।
प्रशासन ने अब तक 1,259 FIR दर्ज की हैं। वहीं, 1,695 मामलों में 85.90 लाख रुपये से अधिक का पर्यावरणीय जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा 1,637 किसानों के भूमि रिकॉर्ड में रेड एंट्री भी की गई है।
अब देखना होगा कि सख्त निगरानी और कार्रवाई के बाद पराली जलाने की घटनाओं पर कितनी रोक लग पाती है।