बापरोला, दिल्ली , 11 नवंबर 2026| दिल्ली के बाहरी इलाके बापरोला के नांगली विहार एक्सटेंशन में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां मंगलवार, 10 नवंबर को दास गार्डन पार्क के पास चार साल का बच्चा खुले सीवर के मैनहोल में गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक, बच्चे की मां उसे पार्क लेकर आई थीं। इसी दौरान बच्चा नाले की ओर गया और खुले मैनहोल में गिर गया। घटना की सूचना मंगलवार दोपहर करीब 3:21 बजे रन्होला पुलिस स्टेशन को मिली।
इसके बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश अभियान शुरू किया। करीब सात घंटे तक खोजबीन के बावजूद बच्चे का पता नहीं चल सका। अंधेरे और सीवर की खराब स्थिति के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा।
बुधवार सुबह NDRF समेत अन्य एजेंसियों ने तलाश तेज कर दी। दिल्ली पुलिस ने मामले में लापरवाही से मौत का कारण बनने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत केस दर्ज किया है।
फिलहाल बच्चे की तलाश जारी है और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।