नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2026 | करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए इस बार मौसम चिंता बढ़ा सकता है। 29 अक्टूबर 2026 को करवा चौथ के दिन दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम पूर्वानुमानों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ का असर मौसम पर पड़ सकता है। ऐसे में चांद निकलने के समय आसमान में बादल रहे, तो व्रती महिलाओं को चंद्र दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। कुछ महिलाएं दूसरे शहरों में रहने वाले परिजनों से ऑनलाइन चांद के दर्शन कराने की तैयारी भी कर रही हैं।
करवा चौथ सिर्फ व्रत नहीं, इंतजार और आस्था से जुड़ा त्योहार भी है। महिलाएं चांद निकलने पर उसे अर्घ्य देती हैं और पति का चेहरा देखकर व्रत खोलती हैं। मौसम की भविष्यवाणी ने इस बार इस खास पल को लेकर उत्सुकता के साथ थोड़ी चिंता भी बढ़ा दी है। अगर चांद निकलने के समय आसमान साफ नहीं हुआ, तो दीदार के लिए इंतजार लंबा हो सकता है। सिविल लाइंस में रहने वाली वसुंधरा ठाकुर बताती हैं कि उनके यहां चांद नजर नहीं आने पर रात 12 बजे व्रत खोलने की परंपरा है। इस बार भी वह इसी का पालन करेंगी। वहीं, स्काईमेट के महेश पलावत के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश-यानम तट पर लैंडफॉल कर सकता है।
ऑनलाइन चांद देखकर करेंगी व्रत पूरा
इसके बाद यह कमजोर होकर डिप्रेशन के रूप में मध्य प्रदेश तक पहुंच सकता है। इसके असर से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव संभव है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 और 30 अक्टूबर को राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। डिफेंस कॉलोनी में रहने वाली प्रेरणा मित्तल ने दूसरे शहरों में रहने वाले तीन रिश्तेदारों से संपर्क कर लिया है। उनकी योजना है कि वहां चांद निकलते ही वे ऑनलाइन दर्शन करा देंगे।