ऋषिकेश, 13 अक्टूबर 2026 । उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में पदोन्नति में आरक्षण को लेकर विवाद गहरा गया है। वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारियों ने संस्थान के प्रशासन पर आरक्षण रोस्टर का पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया है। कर्मचारियों की मांग है कि पदोन्नति के लिए आयोजित विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की प्रक्रिया को निरस्त कर नियमों के अनुसार नई समिति गठित की जाए। विरोध कर रहे कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया और मांगें पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल तथा आगे आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
इस संबंध में नर्सिंग अधिकारी बीरबल मीणा ने बताया कि बीते रोज नर्सिंग अधिकारियों ने एम्स ऋषिकेश की निदेशक और प्रबंधन से वार्ता कर रोस्टर प्रणाली के तहत आरक्षण दिए जाने की मांग करी थी। लेकिन उनकी मांगों पर गौर भी नहीं किया गया। जिससे नाराज नर्सिंग अधिकारियों ने आंदोलन चलाए जाने की चेतावनी दी है।