आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुट्टू एवं सिंघाड़े के आटे के 03 नमूने जांच हेतु किए संग्रहित

0

 

गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश,11 अक्टूबर 2026| आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित कर रहे हैं।

इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम द्वारा यूनिवर्सिटी रोड कासना स्थित सुरेश किराना स्टोर से खुले कुट्टू के आटे का 01 नमूना लेकर अवशेष लगभग 40 किग्रा कुट्टू का आटा खरीद बिल न होने एवं गुणवत्ता प्रथमदृष्टया सही प्रतीत न होने के कारण सीज किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम द्वारा गेझा सेक्टर-93 नोएडा में संचालित शर्मा जी आटा चक्की से कुट्टू के आटे का 01 नमूना लेकर अवशेष लगभग 15 किग्रा कुट्टू के आटे की गुणवत्ता सही न प्रतीत होने के कारण सीज कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता एवं ओ पी सिंह की टीम द्वारा अमलतास मार्केट सेक्टर-34 नोएडा स्थित परिवार आटा एवं मसाला चक्की से सिंघाड़े के आटा का 01 नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 03 नमूनें लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किये जा रहे हैं। समस्त खाद्य सामिग्री विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी गई किसी प्रकार की खाद्य सामिग्री खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत लाइसेंसी/पंजीकृत आपूर्तिकर्ता से खरीदें तथा खरीद बिल अवश्य लिए जाएं और निर्माण तिथि व बैच नंबर आदि देखकर ही खाद्य सामिग्री प्राप्त करें व उपभोक्ताओं को बिक्री करें।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार से जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.