सियासी भागदौड़ से ब्रेक लेकर परिवार संग नजर आए राजा वड़िंग

0

चंडीगढ़, 06 अक्टूबर 2026 । पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग इन दिनों राजनीतिक गतिविधियों से कुछ दूरी बनाकर परिवार के साथ समय बिताते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बीच वड़िंग ने पत्नी अमृता वड़िंग और बेटे अमानइंदर के साथ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में वह परिवार के साथ सुकून के पल बिताते दिखाई दे रहे हैं।

राजा वड़िंग ने पंजाब कांग्रेस की कमान करीब साढ़े चार साल संभाली। हाल ही में उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद पार्टी ने परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।

पत्नी और बेटे के साथ बिताया क्वालिटी टाइम

अपने फेसबुक पेज पर शेयर की तस्वीरों के साथ राजा वडिंग ने लिखा कि बहुत दिनों के बाद आज मुझे अपनी पत्नी अमृता वड़िंग जी और बेटे अमनिंदर के साथ कुछ खास पल बिताने का मौका मिला। अमनिंदर का पोलो मैच देखकर यह दिन और भी यादगार बन गया। पॉलिटिक्स की भागदौड़ में अक्सर परिवार के लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है। पॉलिटिक्स से कुछ पल दूर, अपने परिवार के साथ-यही आज मन की सबसे बड़ी शांति थी।

इस्तीफे के बाद राजा वड़िंग ने अपने बेटे अमानइंदर के साथ समय बिताया। वह बेटे का पोलो मैच देखने पहुंचे। परिवार के साथ बिताए इन पलों की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा कीं।

रिपोर्ट के अनुसार, वड़िंग ने बताया कि राजनीतिक व्यस्तताओं के कारण अक्सर परिवार के लिए पर्याप्त समय निकालना मुश्किल होता है। ऐसे में पत्नी और बेटे के साथ बिताया यह समय उनके लिए खास रहा।

पत्नी अमृता और बेटे के साथ तस्वीरें

राजा वड़िंग की ओर से साझा की गई तस्वीरों में उनकी पत्नी अमृता वड़िंग भी नजर आईं। परिवार के साथ यह समय ऐसे वक्त आया है जब पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर राजनीतिक चर्चा जारी है।

अमृता वड़िंग खुद भी राजनीति में सक्रिय रही हैं। वह 2024 में गिद्दड़बाहा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार थीं। इस सीट से पहले राजा वड़िंग विधायक रह चुके थे। उपचुनाव में अमृता वड़िंग को AAP उम्मीदवार से हार का सामना करना पड़ा था।

इस्तीफे के बाद क्या बोले थे राजा वड़िंग?

राजा वड़िंग ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा राहुल गांधी को सौंपा था। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी ने पंजाब के राजनीतिक हालात, सरकार के कामकाज और पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर उनसे चर्चा की।

वड़िंग ने अपने प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर करीब साढ़े चार साल के अनुभव को भी राहुल गांधी के साथ साझा किया। उन्होंने पंजाब में कांग्रेस के सामने मौजूद चुनौतियों और पार्टी की ताकतों पर बातचीत होने की जानकारी दी थी।

राजा वड़िंग के कार्यकाल के दौरान पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान की खबरें लगातार सामने आती रही थीं। पार्टी के कुछ नेता नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे थे। कांग्रेस हाईकमान ने सितंबर के अंत में वड़िंग को हटाने का फैसला किया और इसके बाद उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया।

पार्टी ने उनकी जगह जालंधर कैंट से विधायक और पूर्व हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनाया। यह बदलाव 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हुआ है।

अमृता वड़िंग ने पति के इस्तीफे पर क्या कहा था?

राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद अमृता वड़िंग ने उनके काम की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि राजा ने दिन-रात मेहनत की और पार्टी के लिए लगातार काम किया। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व का भी आभार जताया था।

अमृता ने यह भी कहा था कि आगे भी पार्टी के लिए मेहनत जारी रहेगी और कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए काम किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बावजूद राजा वड़िंग कांग्रेस में सक्रिय नेता और लुधियाना से सांसद हैं। इसलिए उनका इस्तीफा पार्टी संगठन के एक पद से जुड़ा है, न कि सक्रिय राजनीति से पूरी तरह दूरी बनाने का संकेत।

फिलहाल उन्होंने परिवार के साथ समय बिताकर थोड़ा ब्रेक लिया है। आने वाले समय में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, अभी उनके अगले संगठनात्मक कदम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.