अंकित बालियान हत्याकांड में फरार तीन आरोपियों के घर कुर्की
शामली , 05 अक्टूबर 2026 । हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ शामली पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत और करनाल स्थित तीन आरोपियों के घरों पर कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस ने घरों में मौजूद एसी, टीवी, बेड, वॉशिंग मशीन से लेकर जिम का सामान तक जब्त किया है।
जिन आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई हुई है, उनमें राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, आर्यन संधू और सत्यम कादयान शामिल हैं। तीनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है और पुलिस उन्हें फरार घोषित कर चुकी है।
अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस कार्रवाई में हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो आरोपी शूटर मोहित और सुमित मारे गए। इसके बाद पुलिस ने 30 सितंबर को रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। हालांकि, मामले में नामजद बताए जा रहे राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, सत्यम कादयान और आर्यन संधू अभी फरार हैं।