गुरुग्राम, 01 अक्टूबर 2026 । गुरुग्राम में इटली की एक जूलरी डिजाइनर के साथ कथित ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि इंस्टाग्राम के जरिए एक व्यक्ति से उसकी पहचान हुई। बातचीत आगे बढ़ने के बाद आरोपी ने शादी का वादा किया और फिर कारोबार में निवेश के नाम पर उससे करीब 1,000 यूरो यानी एक लाख रुपये से ज्यादा की रकम ले ली। रकम मिलने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर संपर्क बंद कर दिया।
शिकायत के लिए इटली से भारत पहुंचीं
महिला ने पहले इटली में शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन वहां कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने के बाद वह भारत पहुंचीं। रिपोर्टों के मुताबिक, वह 28 सितंबर को दिल्ली पहुंचीं और इसके बाद गुरुग्राम साइबर पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने साइबर एसीपी गौरव फोगाट से मुलाकात के बाद अपनी शिकायत दी।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी बातचीत
महिला के अनुसार, आरोपी ने खुद को गुरुग्राम का फैशन या जूलरी डिजाइनर बताया था। सोशल मीडिया पर बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा। बाद में उसने गुरुग्राम में एक बुटीक शुरू करने के लिए निवेश करने की बात कही। महिला ने इसी सिलसिले में करीब 1,000 यूरो भेजे।
पैसे मिलने के बाद संपर्क हुआ बंद
महिला का आरोप है कि रकम भेजने के बाद आरोपी ने बातचीत बंद कर दी। इसके बाद उन्हें शक हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है। पुलिस अब बैंक ट्रांजैक्शन, सोशल मीडिया बातचीत और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और तलाश के लिए तकनीकी निगरानी भी की जा रही है।
पीड़िता ने क्या बताया
उन्होंने बताया कि आरोपी उन्हें सोशल मीडिया पर मिला, इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। उसने उससे कहां कि दोनों शादी करेंगे। शादी का झांसा देकर उसने महिला से एक हजार यूरो से अधिक की रकम ठग ली। रुपये लेने के बाद आरोपी ने उससे संपर्क तोड़ दिया। शुरुआती जांच में आरोपी का प्रोफाइल भी फेक नजर आ रहा है।
साइबर पुलिस ने दर्ज की FIR
शिकायत के आधार पर गुरुग्राम साइबर क्राइम वेस्ट थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है और वित्तीय लेनदेन समेत डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।