अनंत सिंह के PK के प्रत्याशी को समर्थन पर उमेश कुशवाहा बोले- हमारी प्राथमिकता सभी 8 सीटें NDA की झोली में जाएं

0

पटना, 29  सितंबर 2026 । बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के चुनाव के बीच जनता दल यूनाइटेड में अनंत सिंह के रुख को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है।

अनंत सिंह के इस रुख पर जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पार्टी की प्राथमिकता स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सभी आठ सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करना है।

हमारा लक्ष्य है सभी 8 सीटें NDA की झोली में जाएं: उमेश कुशवाहा

बिहार जेडीयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा, ‘एनडीए के सभी घटक दल का एक ही लक्ष्य है, विधान परिषद की आठों सीटें एनडीए की झोली में जाए, यही हमारी प्रथम प्राथमिकता है और हम लोग इसी प्राथमिकता पर काम कर रहे हैं। कौन क्या बोल रहा है, शीर्ष नेतृत्व देख रहा है। हमारा लक्ष्य एक ही है, आठों सीट को जीतना और आज से नामांकन शुरू है, जो फीडबैक मिल रही है, उसके हिसाब से आठों प्रत्याशी जीत रहे हैं।’

अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ किया ऐलान

दरअसल, जेडीयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार को फिर से उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अपना विरोध दर्ज कराया।

अनंत सिंह ने जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने की घोषणा की है। रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने अनुज सिंह के नामांकन और चुनाव प्रचार में भी साथ देने की बात कही है।

पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में है मामला

अनंत सिंह के इस कदम के बाद जेडीयू नेतृत्व की नजर पूरे घटनाक्रम पर है। बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष तक मामला पहुंच चुका है। पार्टी नेतृत्व विचार-विमर्श के बाद जो निर्णय या निर्देश देगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच मतभेद पहले भी चर्चा में रहे हैं। पार्टी स्तर पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत और समन्वय की कोशिश की गई थी। इसके बावजूद अनंत सिंह ने एक बार फिर नीरज कुमार के खिलाफ अपना रुख सार्वजनिक कर दिया।

अब जेडीयू के सामने एक तरफ पार्टी के भीतर इस मतभेद को संभालने का मुद्दा है, तो दूसरी ओर विधान परिषद की आठ सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों के लिए चुनावी अभियान को आगे बढ़ाने की चुनौती है।

8 सीटों पर NDA के उम्मीदवारों पर फोकस

उमेश कुशवाहा के बयान से जेडीयू ने यह संदेश दिया है कि पार्टी का तत्काल चुनावी फोकस सभी आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों पर है। अनंत सिंह के समर्थन वाले अनुज सिंह का मुकाबला पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार से होगा।

आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अनंत सिंह का समर्थन अभियान किस तरह आगे बढ़ता है और जेडीयू नेतृत्व इस घटनाक्रम पर संगठनात्मक स्तर पर क्या कदम उठाता है। फिलहाल पार्टी ने सार्वजनिक रूप से सभी आठ सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन को अपनी प्राथमिकता बताया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.