उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा राज्य होने के साथ ही बड़ा बाजार, युवा मानव संसाधन, उर्वरा भूमि और पर्याप्त जल संसाधनों वाला प्रदेश: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सीएम योगी आदित्यनाथ ने रूस, वियतनाम और बेलारूस समेत पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों से निवेश और कारोबार विस्तार पर चर्चा की। डिफेंस, फार्मा, मेडिकल डिवाइस, कृषि, मशीनरी और वुड टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर जोर दिया गया।
ग्रेटर नोएडा,उत्तर प्रदेश, 25 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल मीटिंग की। बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश, कारोबार विस्तार और अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सिंगापुर, वियतनाम, रूस, बेलारूस, जापान और ऑस्ट्रिया समेत पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों ने बैठक में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी, युवा मानव संसाधन, कृषि क्षमता और उपलब्ध जल संसाधनों को निवेश के लिए महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने विदेशी कंपनियों को प्रदेश में उत्पादन इकाइयां, रिसर्च सेंटर और तकनीकी संस्थान स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया।
डिफेंस और फार्मा में रूस के लिए अवसर
रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, फार्मा और मेडिकल डिवाइस सेक्टर पर विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कानपुर समेत प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में रूसी कंपनियों को निवेश के अवसर तलाशने का न्योता दिया। नोएडा एयरपोर्ट के पास विकसित हो रहे मेडिकल डिवाइस पार्क और बुंदेलखंड के फार्मा क्षेत्र को भी संभावित निवेश क्षेत्र के रूप में सामने रखा गया।
वियतनाम और बेलारूस को भी निवेश का प्रस्ताव
वियतनामी कंपनियों को यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया। बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से वियतनाम के शहरों के बीच संभावित सीधी हवाई कनेक्टिविटी से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की संभावना पर भी चर्चा हुई।
वहीं बेलारूस की कंपनियों के लिए एडवांस मशीनरी, ट्रैक्टर असेंबलिंग और कृषि आधारित उद्योगों में संभावनाएं बताई गईं। लकड़ी से जुड़े उद्योगों में बेलारूस की आधुनिक तकनीक को सहारनपुर और बिजनौर जैसे ओडीओपी क्लस्टर्स से जोड़ने का प्रस्ताव भी रखा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो विदेशी निवेशकों और प्रदेश के उद्योग जगत के बीच सहयोग के नए अवसर उपलब्ध करा रहा है। बैठक के बाद विभिन्न पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों के साथ ग्रुप फोटो भी कराया गया।