BRICS Summit के बीच दिल्ली मेट्रो का बड़ा फैसला

13 सितंबर को सुबह 6 बजे से शुरू होगी सभी लाइनों की सेवा

0

नई दिल्ली, 11 सितंबर 2026। दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले BRICS Summit को देखते हुए राजधानी की परिवहन व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा और ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने 13 सितंबर को मेट्रो सेवाएं सामान्य दिनों से पहले शुरू करने का फैसला किया है। रविवार को सभी मेट्रो कॉरिडोर पर यात्री सेवाएं सुबह 6 बजे से शुरू हो जाएंगी।

डीएमआरसी ने क्यों लिया ये फैसला

डीएमआरसी ने इस फैसले को लेकर कहा कि छात्रों और यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं। आम तौर पर दिल्ली के कई रूट जिनमें पिंक, मजेंटा और ग्रे लाइन पर रविवार को मेट्रो सेवाएं सुबह सात बजे शुरू होती हैं। हालांकि, इस रविवार मेट्रो सेवाएं सुबह 6 बजे से शुरू होंगी। 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन इस बार नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। इसे लेकर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कई प्रमुख स्थान अगले तीन दिन तक बंद रहेंगे, जिनमें राष्ट्रपति भवन म्यूजियम और अमृत उद्यान भी शामिल हैं।

BRICS Summit के चलते दिल्ली में ट्रैफिक पर असर

नई दिल्ली में BRICS Summit के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 11 से 13 सितंबर के बीच कई सड़कों पर डायवर्जन और नियंत्रित यातायात की व्यवस्था की है। शहर में 22 प्रमुख डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

ऐसे में मेट्रो को सबसे सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन विकल्पों में से एक माना जा रहा है। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी सड़क मार्ग पर संभावित देरी से बचने के लिए मेट्रो का विकल्प अपनाने की सलाह दी गई है।

मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे या नहीं?

फिलहाल BRICS Summit के कारण किसी मेट्रो स्टेशन को पूरी तरह बंद किए जाने की सूचना नहीं है। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था के चलते कुछ स्थानों पर यात्रियों की आवाजाही और प्रवेश-निकास व्यवस्था में अस्थायी बदलाव हो सकता है। यात्रियों को सफर से पहले ताजा एडवाइजरी और स्टेशन संबंधी अपडेट देखने की सलाह दी गई है।

वहीं, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेगा। यह बंदी BRICS Summit के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए की गई है।

दिल्ली में हाई सिक्योरिटी, हजारों जवान तैनात

BRICS Summit के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक करीब 15 हजार दिल्ली पुलिसकर्मी, 200 पैरामिलिट्री कंपनियां और 500 से ज्यादा CCTV कैमरों के जरिए राजधानी की निगरानी की जा रही है। VVIP मूवमेंट के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर अस्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

ऐसी स्थिति में मेट्रो सेवाओं को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सार्वजनिक परिवहन के ज्यादा इस्तेमाल से सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।

BRICS Summit के चलते नोएडा से दिल्ली आने वाले मालवाहक वाहनों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की दिल्ली में एंट्री पर 13 सितंबर तक रोक रहेगी। चिल्ला, DND और कालिंदी कुंज बॉर्डर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। आपातकालीन चिकित्सा और अग्निशमन वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

इसलिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाले आम यात्रियों के लिए भी मेट्रो एक बेहतर विकल्प हो सकती है।

यात्रियों के लिए क्या है सलाह?

13 सितंबर को अगर आपको दिल्ली में सफर करना है तो घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर जांच लें। सड़क पर ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण सामान्य से अधिक समय लग सकता है। सुबह जल्दी यात्रा करने वालों के लिए सुबह 6 बजे से शुरू होने वाली मेट्रो सेवा विशेष रूप से उपयोगी रहेगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों से अनावश्यक निजी वाहन इस्तेमाल से बचने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की है। BRICS Summit के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और VVIP मूवमेंट के कारण रूट में अचानक बदलाव संभव है, इसलिए यात्रियों को ताजा ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखनी चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.