नई दिल्ली, 11 सितंबर 2026। भारत की मेजबानी में होने वाले BRICS Summit 2026 को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 11 से 13 सितंबर के बीच होने वाले सम्मेलन के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही लागू रहेगी। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी होने पर ही प्रभावित इलाकों की ओर जाएं और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
दिल्ली में क्या खुला क्या बंद?
यह कदम ब्रिक्स प्रतिनिधियों को होने वाली परेशानी कम करने और शिखर सम्मेलन स्थल के आसपास के इलाकों में आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगाकर सड़कों पर भीड़ कम करने की कोशिश का हिस्सा है। इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो ने भी सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर स्थित अपने म्यूजियम को शुक्रवार से तीन दिनों तक बंद रखने का फैसला किया है।
BRICS सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली में करीब 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा, खासकर उन रास्तों पर जहां से विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और VVIP काफिलों की आवाजाही होनी है। पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
सम्मेलन के दौरान अचानक VVIP मूवमेंट होने पर कुछ सड़कों पर थोड़े समय के लिए यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। इसलिए नई दिल्ली और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है।
राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान बंद
सुरक्षा व्यवस्था के तहत राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान को अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया गया है। ऐसे में इन स्थानों पर घूमने या विजिट करने की योजना बना रहे लोगों को सम्मेलन अवधि में वहां जाने से बचना होगा।
BRICS सम्मेलन के दौरान दिल्ली के प्रमुख पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। कुछ अन्य दर्शनीय स्थलों और सार्वजनिक सुविधाओं के संचालन में भी अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
ट्रैफिक प्रतिबंधों के बीच एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। खास तौर पर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए मेट्रो को सुविधाजनक विकल्प के तौर पर इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में सड़क मार्ग पर VVIP मूवमेंट के कारण अचानक जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में जिन लोगों की ट्रेन या फ्लाइट निर्धारित है, उन्हें सामान्य से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है।
नोएडा से दिल्ली आने वाले वाहनों पर भी असर
BRICS Summit का असर दिल्ली से सटे नोएडा की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी पड़ा है। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने 13 सितंबर तक भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। चिल्ला, DND और कालिंदी कुंज बॉर्डर से दिल्ली की ओर जाने वाले ऐसे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जा रहा है।
यमुना एक्सप्रेसवे और परी चौक की तरफ से दिल्ली जाने वाले मालवाहक वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। हालांकि मेडिकल और फायर सर्विस जैसी आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
कनॉट प्लेस रहेगा खुला
BRICS Summit के दौरान दिल्ली का कनॉट प्लेस बाजार बंद नहीं रहेगा। व्यापारियों की ओर से स्पष्ट किया गया है कि 11 से 13 सितंबर के बीच बाजार सामान्य समय के अनुसार खुला रहेगा। हालांकि, आसपास लागू ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण यहां पहुंचने में लोगों को परेशानी हो सकती है।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम को 11 से 13 सितंबर तक बंद रखने की जानकारी दी गई है। म्यूजियम 15 सितंबर से दोबारा खुलेगा, जबकि 14 सितंबर को उसका साप्ताहिक अवकाश रहेगा।
सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में जवान तैनात
सम्मेलन में ब्रिक्स के सदस्य देशों के शीर्ष नेता और प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहे हैं। सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। भारत मंडपम और प्रतिनिधिमंडलों के संभावित रूट पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
2026 का BRICS Leaders’ Summit 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित हो रहा है। भारत की अध्यक्षता में होने वाला यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां BRICS देशों के लिए अहम मुद्दे बने हुए हैं।
दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के बीच लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित क्षेत्रों में गैर-जरूरी यात्रा से बचें। यदि यात्रा आवश्यक है तो रूट की स्थिति पहले से जांचें, अतिरिक्त समय लेकर निकलें और संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करें।
BRICS सम्मेलन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य दिनों से अलग रहेगी। इसलिए दिल्ली, नोएडा और आसपास के इलाकों से नई दिल्ली की ओर आने-जाने वाले लोगों को 11 से 13 सितंबर के बीच विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।