कौशांबी में पटाखा बनाते समय जोरदार धमाका, कई मकान प्रभावित
मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका से मचा हड़कंप
कौशांबी , 31 अगस्त 2026 । उत्तर प्रदेश के कौशांबी में सोमवार को पटाखा बनाते समय एक घर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई मकान भी प्रभावित हुए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती रिपोर्टों में कई लोगों के घायल होने की आशंका जताई गई है, हालांकि हादसे में हताहतों की आधिकारिक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
महमदपुर गांव प्रयागराज और कौशांबी की सीमा पर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही प्रयागराज से भी पुलिस फोर्स मौके के लिए रवाना हो गई। एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। विस्फोट के कारणों और घटना में हुए नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं।
दो किमी तक सुनाई दी धमाके की आवाज
बताया जा रहा है कि गांव में बस्ती से कुछ दूर पर एक मकान में पटाखा बनाया जा रहा था। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दो किलोमीटर तक सुनाई दी। विस्फोट से आसपास के मकानों में दरार आ गई। गांव के लोगों ने घायलों को खेतों के रास्ते अस्पताल पहुंचाया। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी है। आसपास के इलाके को खाली कराया जा रहा है।