नई दिल्ली, 31 अगस्त 2026 । दिल्ली में महिलाओं के लिए DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था में 1 सितंबर 2026 से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब मुफ्त सफर का लाभ लेने के लिए पात्र महिला यात्रियों के पास पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड होना जरूरी होगा। 31 अगस्त तक मौजूदा पिंक टिकट के जरिए मुफ्त यात्रा की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन 1 सितंबर से बिना वैध स्मार्ट कार्ड के यात्रा करने पर सामान्य किराया देना पड़ेगा।
- दरअसल, दिल्ली सरकार ने महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का लाभ केवल दिल्ली की महिलाओं तक सीमित रखने के लिए पिंक कार्ड अनिवार्य करने का फैसला किया है।
- इसके लिए दिल्ली के आधार कार्ड वाले लाभार्थियों के पिंक कार्ड बनाए जा रहे हैं।
- 1 सितंबर से बदल सकता है नियम, पिछले आदेश में 31 अगस्त तक की मिली थी राहत
- अब तक 4 बार पिंक कार्ड की अनिवार्यता टाली जा चुकी है, अब मंगलवार से इसे लागू करने की योजना है
नई व्यवस्था के तहत बस में चढ़ने के बाद महिला यात्री को पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को मशीन पर टैप करना होगा। इसके बाद मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा। सरकार ने पिंक टिकट व्यवस्था को धीरे-धीरे खत्म कर स्मार्ट कार्ड आधारित सिस्टम लागू करने का फैसला किया है।
मुफ्त यात्रा का लाभ लेने वाली महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे 31 अगस्त से पहले अपना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवा लें, ताकि 1 सितंबर से बस में सफर करते समय किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्ड के लिए दिल्ली में निर्धारित वितरण केंद्र बनाए गए हैं।
पिंक कार्ड बनाने के लिए 50 सेंटर बनाए गए
दिल्ली में पिंक कार्ड बनाने के लिए 50 सेंटर बनाए गए हैं। महिलाएं इन सेंटरों पर जाकर कार्ड बनवा सकती हैं। अब तक 18 लाख से ज्यादा महिलाएं पिंक कार्ड बनवा चुकी हैं। सरकार ने साफ किया है कि पिंक कार्ड बनाने का काम एक सितंबर के बाद भी जारी रहेगा। यानी जिन महिलाओं ने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है, वे अपने नजदीकी सेंटर पर जाकर इसे बनवा सकती हैं। गौरतलब है कि सरकार पहले पिंक कार्ड की अनिवार्यता एक अगस्त से लागू करने वाली थी। बाद में इसकी तारीख बढ़ाकर 16 अगस्त, फिर 28 अगस्त और उसके बाद 31 अगस्त कर दी गई। सरकार अब तक चार बार पिंक कार्ड की अनिवार्यता की तारीख बढ़ा चुकी है।