देहरादून, 26 अगस्त 2026 । उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने अपनी प्रदेश प्रवक्ता टीम का विस्तार किया है। पार्टी ने कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति गुसाईं को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी है। बीजेपी की ओर से 8 नए प्रवक्ताओं की घोषणा की गई है, जिसके बाद प्रदेश स्तर पर पार्टी की प्रवक्ता टीम में 18 सदस्य हो गए हैं।
अनुकृति गुसाईं पहले कांग्रेस में सक्रिय थीं। उन्होंने 2022 का विधानसभा चुनाव लैंसडाउन सीट से कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। इसके बाद अप्रैल 2024 में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया था।
उधर बीजेपी ने अनुकृति को प्रवक्ता बनाकर हरक सिंह को ही चुनौती दे दी है। अनुकृति को मॉडलिंग से राजनीति में लाने का श्रेय ससुर हरक को ही जाता है। अनुकृति गुसाईं को ‘ब्यूटी बिद ब्रेन’ भी कहा जाता है। वह मिस इंडिया ग्रैंड इंटरनेशनल और मिस एशिया पैसिफिक इंटरनेशनल रहीं हैं। हरक सिंह 2022 के चुनाव से पहले बीजेपी में थे।
मॉडलिंग से राजनीति तक का सफर
अनुकृति गुसाईं की पहचान राजनीति के अलावा मॉडलिंग और टीवी प्रेजेंटिंग से भी रही है। वह 2013 में मिस इंडिया दिल्ली, ब्राइड ऑफ द वर्ल्ड इंडिया और बाद में अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
उन्होंने महिला उत्थान और सामाजिक कार्यों से जुड़े संगठनों के साथ भी काम किया है। राजनीति में आने के बाद उन्होंने उत्तराखंड में महिला नेतृत्व और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
हरक सिंह रावत से है पारिवारिक रिश्ता
अनुकृति गुसाईं की शादी हरक सिंह रावत और दीप्ति रावत के बेटे तुषित रावत से हुई है। इस तरह वह उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत की पुत्रवधू हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में हरक सिंह रावत ने भी अनुकृति के राजनीतिक करियर को आगे बढ़ाने की कोशिश की थी।
अब राजनीतिक स्थिति बदल चुकी है। हरक सिंह रावत कांग्रेस में सक्रिय हैं, जबकि उनकी बहू अनुकृति गुसाईं बीजेपी की ओर से मीडिया और राजनीतिक मोर्चा संभालेंगी। बीजेपी ने उन्हें कोटद्वार क्षेत्र की जिम्मेदारी भी प्रवक्ता टीम के तहत दी है।