सुनीता आहूजा ने गोविंदा से तलाक का केस लिया वापस

मैनेजर ने किया कंफर्म; रिश्ते में आया नया मोड़

0

नई दिल्ली, 19 अगस्त 2026 । बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही तलाक की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। सुनीता ने गोविंदा से तलाक की याचिका वापस ले ली है। बुधवार को वह अपने बेटे यशवर्धन आहूजा और वकील के साथ मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट पहुंचीं, जिसके बाद मामले की पुष्टि हुई। गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने भी तलाक का केस वापस लिए जाने की जानकारी दी।

गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा और उनके बेटे यशवर्धन को बुधवार को मुंबई में फैमिली कोर्ट में देखा गया।

न्यूज9 ने अपनी रिपोर्ट में गोविंदा के मैनेजर शशि रंजन के हवाले से दावा किया कि गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने एक्टर से तलाक का केस वापस ले लिया है।

कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पैपराजी ने सुनीता और उनके बेटे से सवाल किया कि कोर्ट में क्या हुआ?

जिस पर बेटे यशवर्धन आहूजा ने कहा, “कुछ नहीं हुआ। जाने दीजिए।” यश अपनी मां को कैमरों से बचाते हुए कार तक लेकर गए।

फैमिली कोर्ट पहुंचीं सुनीता

सुनीता के फैमिली कोर्ट पहुंचने के बाद एक बार फिर गोविंदा के साथ उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि, बाद में सामने आया कि वह तलाक की कार्यवाही को आगे बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि मामले को वापस लेने के लिए कोर्ट पहुंची थीं। उनके साथ बेटा यशवर्धन और वकील भी मौजूद थे।

महीनों से चल रही थी रिश्ते को लेकर चर्चा

गोविंदा और सुनीता की शादी करीब चार दशक पुरानी है और पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आती रही हैं। सुनीता ने सार्वजनिक रूप से गोविंदा के निजी जीवन और कुछ कथित रिश्तों को लेकर नाराजगी जताई थी। इसके बाद गोविंदा ने भी सार्वजनिक बयान जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी थी।

अब क्या खत्म हुआ तलाक का चैप्टर?

गोविंदा के मैनेजर के मुताबिक, सुनीता द्वारा याचिका वापस लिए जाने के बाद फिलहाल दोनों के अलग होने की कानूनी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। हालांकि, हाल के महीनों में दोनों के बीच हुए सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप को देखते हुए उनके रिश्ते की स्थिति को लेकर चर्चाएं बनी हुई हैं।

गोविंदा और सुनीता ने 1987 में शादी की थी और दोनों के दो बच्चे हैं। तलाक की अर्जी वापस लिए जाने की खबर ने उनके प्रशंसकों के बीच भी राहत की चर्चा पैदा कर दी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में दोनों अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से क्या रुख अपनाते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.