वॉशिंगटन , 13 अगस्त 2026 । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की प्रमुख और भरोसेमंद सहयोगियों में गिनी जाने वाली व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट अपने पद से हटने जा रही हैं। ट्रम्प ने घोषणा की है कि लेविट अगस्त के अंत तक प्रेस सचिव का पद छोड़ देंगी। हालांकि वह पूरी तरह ट्रम्प टीम से अलग नहीं होंगी और वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर उनके साथ काम करती रहेंगी।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि लेविट अब अपने परिवार और दो छोटे बच्चों को ज्यादा समय देना चाहती हैं। हालांकि, वह ट्रम्प की बाहरी सलाहकार बनी रहेंगी और रिपब्लिकन पार्टी के लिए काम करती रहेंगी।
लेविट 27 साल की उम्र में अमेरिका के इतिहास की सबसे कम उम्र की व्हाइट हाउस प्रेस सचिव बनी थीं। मई में बेटी के जन्म के बाद वह कुछ समय के मातृत्व अवकाश पर गई थीं और कुछ दिन पहले काम पर लौटी थीं। उनका एक दो साल का बेटा भी है।
डिलीवरी से ठीक पहले भी ड्यूटी निभाई
अप्रैल 2026 में जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी पर पूरी दुनिया की नजर थी, तब कैरोलिन लेविट ने अपना मातृत्व अवकाश शुरू करने के बजाय खुद कैमरे के सामने आकर ट्रम्प प्रशासन की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया दी। इसके बाद ही वह मातृत्व अवकाश पर गईं।
मई 2026 में बेटी के जन्म के बाद करीब दो महीने छुट्टी पर रहीं, जुलाई में काम पर लौटीं और एक महीने बाद इस्तीफे का ऐलान कर दिया।
सबसे कम उम्र की व्हाइट हाउस प्रेस सचिव
लेविट ने 2025 में व्हाइट हाउस प्रेस सचिव का पद संभाला था और वह अमेरिकी इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की व्यक्ति बनीं। ट्रम्प के साथ उनका राजनीतिक जुड़ाव इससे पहले भी रहा है। वह ट्रम्प के पहले कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस में काम कर चुकी थीं और 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में भी उनकी प्रवक्ता रही थीं।
पद छोड़ने के बाद भी ट्रम्प के साथ रहेंगी
लेविट के जाने को ट्रम्प प्रशासन से पूरी तरह विदाई के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। ट्रम्प ने कहा है कि वह उनकी वरिष्ठ बाहरी सलाहकार के रूप में काम जारी रखेंगी और रिपब्लिकन पार्टी के भीतर भी प्रभावशाली आवाज बनी रहेंगी।
इसलिए प्रेस सचिव पद से उनका हटना ट्रम्प और लेविट के राजनीतिक संबंधों के अंत के बजाय उनकी भूमिका में बदलाव माना जा रहा है।