चंडीगढ़, 13 अगस्त 2026 । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए जगतार सिंह हवारा को 10 दिन की पैरोल देने की मांग की है। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की अपील की। मान ने हवारा को उसकी बीमार मां से मिलने के लिए मानवीय आधार पर पैरोल देने का आग्रह किया है।
राज्यपाल से की अपील
राज्यपाल से मानवीय आधार पर इस मामले पर विचार करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि जगतार सिंह हवारा पिछले 31 वर्षों से जेल में बंद हैं। उनकी माता वृद्धावस्था में हैं, उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं और इस समय अर्ध-बेहोशी की अवस्था में हैं। उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए मैंने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि वे जगतार सिंह हवारा को जल्द से जल्द 10 दिन की पैरोल देने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करें, ताकि वह अपनी माता से मिल सकें।
राज्यपाल की सिफारिश आवश्यक
उन्होंने आगे कहा कि चंडीगढ़ के प्रशासक होने के नाते इस संबंध में फैसला लेने के लिए राज्यपाल की सिफारिश आवश्यक है। इसलिए मामले के मानवीय पहलू और जगतार सिंह हवारा की माता की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए मैंने राज्यपाल से जल्द से जल्द फैसला लेने की अपील की है। राज्यपाल को कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए पंजाब सरकार की पूरी जिम्मेदारी का भरोसा दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जगतार सिंह हवारा के अपने घर आने के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने की राज्य सरकार पूरी गारंटी लेती है।
पैरोल की मांग पर सियासत भी तेज
हवारा की पैरोल की मांग को लेकर पंजाब में राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। कुछ नेताओं ने मानवीय आधार पर मुख्यमंत्री की मांग का समर्थन किया है, जबकि दूसरी ओर इस फैसले को लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी मानवीय आधार पर हवारा की पैरोल का समर्थन किया है।
अब राज्यपाल के फैसले पर नजर
मुख्यमंत्री की राज्यपाल से मुलाकात के बाद अब इस मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर है। पैरोल मंजूर होती है या नहीं, यह संबंधित कानूनी प्रक्रिया और सक्षम प्राधिकारी के निर्णय पर निर्भर करेगा। फिलहाल भगवंत मान सरकार की ओर से 10 दिन की पैरोल की मांग ने पंजाब की राजनीति में एक नया मुद्दा खड़ा कर दिया है।