नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला, 350 किसानों को दिवाली से पहले मिलेगा प्लॉट
नोएडा, 10 अगस्त 2026 । नोएडा में किसानों से जुड़े प्लॉट आवंटन को लेकर प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। योजना के तहत करीब 350 किसानों को दिवाली से पहले प्लॉट मिलने की उम्मीद है। इन प्लॉटों का आवंटन ड्रॉ के जरिए किया जाएगा, जिससे पात्र किसानों को पारदर्शी तरीके से भूखंड आवंटित किए जा सकें। प्राधिकरण की इस पहल से लंबे समय से अपने प्लॉट का इंतजार कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है। जमीन की लोकेशन को लेकर किसी भी विवाद से बचने के लिए प्राधिकरण इस बार आवंटन की पूरी प्रक्रिया ड्रॉ के जरिए पूरी करेगा। ड्रॉ प्रणाली से ही यह तय होगा कि किस किसान को कौन सा प्लॉट मिलेगा। यदि किसी किसान के नाम ड्रॉ में कॉर्नर का प्लॉट आता है, तो उसे वही दिया जाएगा। इसके अलावा विशेष लोकेशनों पर, जैसे कि पार्क के सामने वाले या 12 मीटर से अधिक चौड़ी सड़क पर स्थित प्रीमियम प्लॉटों का फैसला भी केवल ड्रॉ के नतीजों पर ही निर्भर रहेगा।