कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंडराया खतरा
कानपुर, 10 अगस्त 2026 । कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे को लेकर विशेषज्ञों ने गंभीर चिंता जताई है। सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए निर्माण गुणवत्ता, सतह की मजबूती और यातायात के दबाव से जुड़े सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि सड़क के किसी हिस्से में संरचनात्मक कमजोरी या गंभीर क्षति सामने आती है तो केवल ऊपरी स्तर पर पैचवर्क करना पर्याप्त नहीं होगा। ऐसे हिस्सों की विस्तृत तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत पूरी होने तक यातायात को नियंत्रित या अस्थायी रूप से बंद किया जाना चाहिए।
कई सरकारी विभागों से जुड़े विशेषज्ञों ने नाम न छापने की शर्त पर आरोप लगाया कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे ‘भ्रष्टाचार’ का मामला है। एक विशेषज्ञ ने साफ कहा कि किसी सड़क की बिटुमिन वाली सतह उखड़ना बहुत मामूली बात है। भारत की सड़कों पर अक्सर ऐसा होता है ओर ठेकेदार बारिश के बाद सड़क ठीक कर देते हैं, लेकिन कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की वर्तमान स्थिति ने हर किसी को हैरान कर दिया है।