नई दिल्ली, 24 जुलाई 2026 । भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव से जुड़े एक वायरल वीडियो को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने कड़ी नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक इवेंट के दौरान रेड कार्पेट पर मौजूद एक आवारा कुत्ते को हटाए जाने का दृश्य दिखाई देता है। वीडियो में कथित तौर पर खेसारी लाल यादव की टीम के एक सदस्य द्वारा कुत्ते को पैर से हटाते हुए देखा गया, जिसके बाद इस घटना की सोशल मीडिया पर व्यापक आलोचना होने लगी।
मलाइका ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से खेसारी लाल यादव का वो वीडियो शेयर कर भड़कते हुए लिखा है, ‘ये लोग हैं कौन और ये आदमी कौन है, जो खड़ा होकर पोज दे रहा है। वाहियात।’
इतना ही नहीं। ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से वीडियो री-शेयर करने के अलावा मलाइका अरोड़ा ने शेयर किए गए वीडियो पर भी दो कमेंट किए। पहले कमेंट में मलाइका ने लिखा, ‘वाहियात’। और दूसरे कमेंट में उन्होंने लिखा, ‘ये बेवकूफ कौन है, क्या इसके लिए पोज देना इतना जरूरी था।’
मलाइका अरोड़ा, जो पशु अधिकारों के समर्थन के लिए भी जानी जाती हैं, ने इस वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “ये लोग आखिर हैं कौन? और ये आदमी कौन है जो वहां खड़ा होकर पोज दे रहा है? बहुत ही घिनौना।” हालांकि उन्होंने अपनी पोस्ट में खेसारी लाल यादव का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन वीडियो को लेकर उनकी प्रतिक्रिया को इसी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने बेजुबान जानवरों के साथ संवेदनशील व्यवहार की अपील की, जबकि कुछ यूजर्स का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी किस पर थी, यह वीडियो के आधार पर स्पष्ट नहीं है। फिलहाल इस मामले पर खेसारी लाल यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों में पशुओं के प्रति व्यवहार और सेलिब्रिटीज की जिम्मेदारी को लेकर बहस का विषय बन गई है।