नई दिल्ली, 22 जुलाई 2026 । दिल्ली की लोधी कॉलोनी स्थित एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में एक महिला और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दमकल और राहत दलों ने तत्काल बचाव अभियान चलाया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर हेडक्वार्टर से डिविजनल ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने बताया कि कंट्रोल रूम को मंगलवार सुबह 10:21 बजे पर आग लगने की सूचना मिली थी। तुरंत स्टेशन ऑफिसर मुकुल और मनोज को भी टीम के साथ भेजा गया। लगभग आधे घंटे के बाद मौके से फायर ऑफिसर ने कंट्रोल रूम को जानकारी दी कि आग तीसरी मंजिल पर लगी है, जहां तीन लोग मृत हालत में मिले हैं। लगभग 11 बजे एडीओ राजेश शुक्ला को मौके पर भेजा गया। 11:10 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया।
डीसीपी साउथ आनंद मित्तल ने बताया कि यह हादसा बीके दत्त कॉलोनी में हुआ है। फ्लैट के अंदर से 3 शव बरामद किए गए। जिनकी पहचान आकांशा (40) और उनकी बेटियां आराध्या (12) और मिहिका (8) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला आकांशा का मेंटल हेल्थ को लेकर 6 साल से इलाज चल रहा था। हादसे के वक्त आकांशा के पति एडवोकेट मोहित शर्मा सेकंड फ्लोर पर परिवार के साथ थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ मकान में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन महिला और उनकी दोनों बेटियों को नहीं बचाया जा सका। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसा या आत्महत्या? हर पहलू की जांच जारी
- इस मामले में पुलिस हादसे और आत्महत्या, दोनो पहलुओं से जांच कर रही है।
- अधिकारियों का कहना है कि बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और साफ हो सकेगी।
- मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतका के रिश्तेदार देवेंद्र शर्मा ने बताया कि परिवार संपन्न और प्रतिष्ठित था।
- मृतका के पति वकील है, जबकि उनके पिता भी वकील थे।
- परिवार में किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं है। लोकल निवासी अतुल ने बताया कि आग लगने के दौरान दरवाजा बंद था और उसमें करंट होने के कारण अंदर नहीं जा सके। फायर ब्रिगेड ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव या अन्य तकनीकी कारणों सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घरों में बिजली के उपकरणों और गैस कनेक्शन की नियमित जांच कराएं तथा आग से बचाव के आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर शहरी क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा मानकों और आपातकालीन तैयारियों की आवश्यकता को उजागर किया है।