जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के लिए ‘प्यार की डिलीवरी

देशभर से फूड ऐप्स के जरिए पहुंच रहा खाना

0

नई दिल्ली, 22 जुलाई 2026 । दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच एक अलग तस्वीर देखने को मिली, जहां प्रदर्शनकारियों के समर्थन में देशभर के लोग फूड डिलीवरी ऐप्स के माध्यम से पिज्जा, बर्गर, बिरयानी और अन्य खाद्य सामग्री भेज रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसे ‘प्यार की डिलीवरी’ नाम दिया जा रहा है। प्रदर्शन स्थल पर भोजन पहुंचने की यह पहल चर्चा का विषय बनी हुई है।

मंगलवार को स्विगी, जोमैटो से लेकर ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉयज के फेरे पर फेरे धरनास्थल की ओर लगते रहे। स्विगी से पिज्जा की डिलीवरी लेकर पहुंचे रोहित कुमार ने बताया कि मैं सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक करीब 15 ऑर्डर यहां लेकर आया हूं। कई ऑर्डर प्रदर्शनकारी के नाम से आ रहे हैं, तो कई ऐसे हैं कि अंदर किसी भी प्रदर्शनकारी को पहुंचा दो।

दोपहर धरना स्थल पूरी तरह भरा हुआ था। इस पहल के बाद यहां मौजूद कई लोगों के हाथ में खाना दिखा। किसी के हाथ में पिज्जा तो किसी के पास बर्गर था। यहां खाने का कॉर्नर संभाल रहे वॉलंटियर बादल भंडारी कहते हैं, मैं इंदौर से हूं, सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा हूं। कई दिन से यहां हूं पर आज जितना खाना यहां पहुंचा है, वो कमाल है।

प्रोटेस्ट की फंडिंग पर उठे सवाल

वहीं पर 4 पैकेट लेकर पहुंची निहारिका और खुशी कहती हैं, हमने सीपी से ही पराठे, सब्जी और बर्गर लिए हैं, स्टूडेंट्स हैं, इतना ही सपोर्ट कर सकते हैं।

  • संत नगर से यहां आई आर्टिस्ट स्वाति बताती हैं, मैं तो दवाइयां, चने, बिस्किट लेकर पहुंची हूं।
  • मगर बाहर जोमैटो वाला मिल गया कि मैडम, अंदर ये खाने के पैकेट पहुंचा दें, किसी ने ऑर्डर किया है प्रदर्शनकारियों के लिए। वह कहती हैं कि जो लोग प्रोटेस्ट की फंडिंग पर सवाल कर रहे हैं, वे देखे लें कि यह प्यार की फंडिंग है।
  • हालांकि, देर रात आंदोलन के आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए खाना या अन्य जरूरी सामान न भेजें। इस समय जरूरी चीजों की पर्याप्त व्यवस्था है।

बताया जा रहा है कि कई लोग, जो स्वयं प्रदर्शन स्थल तक नहीं पहुंच सके, उन्होंने ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन ऑर्डर किया। इस पहल का उद्देश्य प्रदर्शन में शामिल लोगों के प्रति समर्थन और एकजुटता जताना बताया जा रहा है। कई डिलीवरी पार्टनर लगातार प्रदर्शन स्थल पर ऑर्डर पहुंचाते नजर आए।

इस घटनाक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि यह पहल आंदोलन में शामिल लोगों के प्रति सहयोग और मानवीय संवेदना का प्रतीक है। वहीं, कुछ लोगों ने इसे डिजिटल युग में समर्थन जताने का नया तरीका बताया है।

प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर रखी है। अधिकारियों की ओर से प्रदर्शन स्थल पर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल, फूड डिलीवरी के माध्यम से पहुंच रहा भोजन आंदोलन से जुड़ी चर्चाओं का प्रमुख विषय बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.