CJP प्रदर्शन के दौरान चंद्रशेखर और पुलिस अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक
बिजनौर, 20 जुलाई 2026 । दिल्ली में आयोजित CJP के संसद मार्च के दौरान आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद तथा पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। प्रदर्शन स्थल पर सामने आए एक वीडियो में चंद्रशेखर पुलिस अधिकारी से कहते सुनाई देते हैं, “निकालकर दिखाओ मेरी गाड़ी, हिम्मत है तो।” इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
जंतर-मंतर पर ही 23 दिनों से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक ने आज संसद मार्च का आह्वान किया था, जिसके बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन की तरफ कूच करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर सभी को रोक दिया। इस बीच आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और बिजनौर की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद भी मार्च में शामिल होने जंतर-मंतर पहुंचे हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी के ‘चलो संसद’ मार्च में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पहुंचे सांसद चंद्रशेखर की दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई। दरअसल, पुलिस अधिकारियों के साथ चंद्रशेखर की बहस उनके काफिले में मौजूद गाड़ियों को लेकर हुई। चंद्रशेखर चाहते थे कि उनके काफिले की दूसरी गाड़ी को भी आगे जाने दिया जाए, लेकिन पुलिस अधिकारी ने ऐसा करने से इंकार कर दिया। चंद्रशेखर और पुलिस अधिकारी के बीच काफी देर तक ये बहस चलती रही।
बताया जा रहा है कि संसद मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग के कारण कई वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी। इसी दौरान चंद्रशेखर की गाड़ी को लेकर पुलिस और उनके समर्थकों के बीच विवाद की स्थिति बनी। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और लागू प्रतिबंधों का हवाला दिया, जबकि चंद्रशेखर ने कार्रवाई पर आपत्ति जताई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और किसी बड़े टकराव से बचने की कोशिश की। प्रदर्शन के कारण इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी थी और अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग तथा अन्य सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
इस घटनाक्रम के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है और इसे लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, घटना को लेकर पुलिस और चंद्रशेखर की ओर से जो भी आधिकारिक बयान आएंगे, उसी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।