सोलर प्लांट मीटर रीडिंग और गलत बिजली बिल पर अनिल विज सख्त, विजिलेंस जांच के दिए आदेश

0

चंडीगढ़ , 10  जुलाई 2026 । हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने सोलर प्लांट की मीटर रीडिंग और कथित गलत बिजली बिलों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बड़ा कदम उठाया है। मंत्री ने मामले में विजिलेंस जांच के आदेश जारी किए हैं, ताकि अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच हो सके और जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।

दिशा संस्था की ओर से ऊर्जा मंत्री अनिल विज  को दी शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2018 में स्थापित सोलर प्लांट की रीडिंग लंबे समय तक नियमानुसार नहीं ली गई। कई बार वास्तविक रीडिंग लेने के बजाय कार्यालय में बैठकर काल्पनिक रीडिंग दर्ज किए जाने का आरोप लगाया गया है, जिससे संस्था को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और गलत बिजली बिल जारी किए गए।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संस्था पहले ही लगभग 3 लाख रुपये जमा करा चुकी है, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हुआ। शिकायत पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस अधिकारियों को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि सोलर प्लांट उपभोक्ताओं की ओर से मीटर रीडिंग में गड़बड़ी और गलत बिल जारी किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। इन शिकायतों के बाद अनिल विज ने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की और पूरे मामले की विजिलेंस जांच कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकार का कहना है कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी और जवाबदेह बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.