हरियाणा पर मोदी-शाह का बढ़ा फोकस, नायब सैनी के नेतृत्व पर लगातार भरोसे के दिख रहे संकेत

0

हरियाणा, 10  जुलाई 2026 । हरियाणा की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व का फोकस लगातार बना हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राज्य से जुड़े कार्यक्रमों, बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रुचि को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व पर पार्टी नेतृत्व लगातार भरोसा जता रहा है।

17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने दूसरे हरियाणा दौरे पर जींद पहुंचेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस अवधि में तीन बार हरियाणा आ चुके हैं। दोनों शीर्ष नेताओं के लगातार दौरे इस बात का प्रमाण हैं कि केंद्र सरकार हरियाणा के विकास और राजनीतिक नेतृत्व को लेकर पूरी तरह गंभीर है।

नायब सैनी पर राष्ट्रीय नेतृत्व का बढ़ता विश्वास

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने लगातार भरोसा जताया है। यही कारण है कि उन्हें केवल हरियाणा तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले दिल्ली, बिहार तथा अन्य राज्यों के चुनावों में भी उन्हें भाजपा के प्रमुख प्रचारकों में शामिल किया गया था।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तहत भाजपा हरियाणा में विकास, सुशासन और संगठनात्मक विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय को भी पार्टी अपनी प्रमुख ताकत के रूप में पेश कर रही है।

हाल के महीनों में प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने हरियाणा से जुड़े कई कार्यक्रमों में भाग लिया है और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की सराहना की है। इसे नायब सिंह सैनी के नेतृत्व को शीर्ष नेतृत्व का समर्थन मिलने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक दृष्टि से हरियाणा भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण राज्य है। ऐसे में संगठनात्मक मजबूती, विकास परियोजनाओं की गति और जनता से सीधा संवाद आने वाले समय में पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा बने रहने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.