नई दिल्ली, 06 जुलाई 2026 । सतलज को भारत में OTT प्लेटफॉर्म से हटाए जाने के बाद फिल्म जगत और कई सार्वजनिक हस्तियों ने इस फैसले का विरोध किया है। फिल्म, जो पहले ‘Punjab ’95’ के नाम से जानी जाती थी, रिलीज के दो दिन बाद भारत में स्ट्रीमिंग से हटा दी गई। प्लेटफॉर्म ने केवल “वर्तमान परिस्थितियों” का हवाला देते हुए इसे अस्थायी रूप से हटाने की बात कही है, लेकिन विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किया।
बिना कोई पुख्ता कारण दिए, अचानक फिल्म हटाए जाने पर कई सेलेब्स ने नाराजगी जाहिर की है। इसी बीच फिल्म के एक्टर दिलजीत दोसांझ ने फैंस से बढ़-चढ़कर पायरेसी करने और फिल्म को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील की है। ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाए जाने के बाद फिल्म को यूट्यूब पर प्राइवेट चैनल पर रिलीज किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में फैंस फिल्म देख रहे हैं। क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी ये फिल्म देखी और जमकर तारीफ की है। इसी बीच कई सेलेब्स फिल्म हटाए जाने का विरोध कर रहे हैं।
फिल्म के हटने के बाद कई सेलेब्स और सार्वजनिक हस्तियों ने सोशल मीडिया पर निराशा व्यक्त की। उनका कहना है कि यदि कोई फिल्म वैध रूप से दर्शकों तक पहुंच चुकी है, तो उसे अचानक हटाना रचनात्मक समुदाय के लिए चिंताजनक संदेश है। इस बीच Saket Gokhale ने भी इस फैसले का विरोध करते हुए केंद्र सरकार को पत्र लिखा और हटाए जाने के कारणों को सार्वजनिक करने की मांग की।
दूसरी ओर, ओटीटी प्लेटफॉर्म ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए फिल्म को भारत में अगली सूचना तक उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि फिल्म को दोबारा उपलब्ध कराने के लिए कानूनी और उचित प्रक्रियाओं पर काम किया जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलजीत दोसांझ ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि एक बार कोई फिल्म दर्शकों तक पहुंच जाए तो उसकी कहानी को पूरी तरह मिटाया नहीं जा सकता। उनके इस बयान को भी व्यापक समर्थन मिला है।