मुजफ्फरपुर , 06 जुलाई 2026 । मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाले मामले में विदेश से लौटे एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी हाल ही में दुबई से घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद पानी की बोतल मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुबई से लौटा था पति मनोज भगत
आरोपी पति मनोज भगत, बरूराज थाना क्षेत्र के हरनाही गांव के शंभू भगत का बेटा है। वह दुबई में रहकर काम करता था। रविवार की शाम को ही वह दुबई से वापस घर लौटा था। घर लौटने के तुरंत बाद वह अपनी पत्नी से मिलने ससुराल राजपुर नवादा पहुंच गया। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि जो शख्स महीनों बाद घर लौट रहा है, वह किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने आया है।
पिंकी के छोटे कद को लेकर प्रताड़ित करते थे ससुरालवाले
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही मनोज और उसके परिवार वाले पिंकी के छोटे कद को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे थे। इस विवाद को लेकर करीब दो साल पहले सामाजिक स्तर पर पंचायत भी हुई थी। पंचायत के बाद मनोज कुछ दिन घर पर रहा और फिर वापस दुबई चला गया था, लेकिन उसके मन में नफरत बरकरार थी, क्योंकि लोग उसे भी ताना मारते थे कि उनसी पत्नी नाटी है।
घटना के समय उनकी छह महीने की बेटी भी घर में मौजूद थी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना की एक संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों तथा गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।