नई दिल्ली, विंबलडन 2026 में महिला एकल मुकाबलों में डिफेंडिंग चैंपियन इगा स्वियातेक और पूर्व चैंपियन एलेना रायबाकिना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे दौर में जगह बना ली है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबलों में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वियों को हराकर अगले चरण का टिकट हासिल किया।
लेडीज सिंगल्स कैटेगरी में पोलैंड की स्टार इगा ने कैरोलिना प्लिस्कोवा को 69 मिनट में सीधे सेटों में 6-1, 6-3 से हराया। जबकि, कजाकिस्तान की रायबाकिना ने अमेरिका की कैटी मैकनेली को महज 71 मिनट में 6-1, 6-2 से शिकस्त दी।
मेंस सिंगल्स कैटेगरी में आर्थर फेरी ने फिनलैंड के ओटो विर्तानेन को 5-7, 7-6, 6-3, 6-3 से हराया। वे राउंड-3 में ब्रिटिश के इकलौते खिलाड़ी हैं। शेष शुरुआती राउंड से ही बाहर हो गए हैं। इस कैटेगरी के अन्य मुकाबलों में बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव ने चेक रिपब्लिक के जाकुब मेन्सिक को 4 सेटों के कड़े मुकाबले में मात दी। जहां उनका सामना इटली के माटेओ बेरेटिनी से होगा।
स्वियातेक ने अपने आक्रामक खेल, मजबूत सर्विस और बेहतरीन बेसलाइन रैलियों के दम पर मैच पर शुरुआत से ही नियंत्रण बनाए रखा। वहीं रायबाकिना ने अपनी ताकतवर सर्विस और सटीक शॉट्स की बदौलत जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत की।
दोनों खिलाड़ियों की जीत के साथ महिला एकल वर्ग में खिताब की दौड़ और भी रोमांचक हो गई है। अब तीसरे दौर में उनका मुकाबला और कड़ी चुनौती देने वाली खिलाड़ियों से होगा। टेनिस प्रेमियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या स्वियातेक अपना खिताब बचाने में सफल होंगी या रायबाकिना एक बार फिर विंबलडन का ताज अपने नाम करेंगी।