पंजाब, 02 जुलाई 2026 । पंजाब सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में तीन महीने की किस्त एक साथ जारी कर दी है। सरकार की ओर से जारी इस भुगतान के तहत महिलाओं के खातों में ₹1000 प्रति माह के हिसाब से राशि ट्रांसफर की जा रही है, जिससे हजारों लाभार्थियों को सीधा लाभ मिल रहा है।
धुरी में मुख्यमंत्री ने एक वेब लिंक लॉन्च कर मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सत्कार योजना का शुभारम्भ किया। सरकार ने एक साथ तीन महीने की किश्त जारी की है। सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3000 और दलित महिलाओं के खाते में 4500 रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। 2022 में आम आदमी पार्टी ने पांच गारंटी दी थी। आज आखरी चुनावी वादा भी पूरा हो गया। उधर, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने योजना के शुभारंभ् पर पंजाब की महिलाओं को बधाई दी है।
पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। पंजाब की माताओं और बहनों के लिए बहुत बड़ा दिन है। अब तक सबने पंजाब को लूटा। भगवंत मान पंजाब के पहले मुख्यमंत्री है, जिन्होंने पंजाब को नहीं लूटा और सारा सरकारी पैसा लोगों तक पहुंचाया। पंजाब को लूटने वाले आज माताओं और बहनों को गालियां दे रहे हैं, भगवंत मान को गालियां दे रहे हैं। लेकिन वो समझ लें कि अब पंजाब बदल चुका है। अब पंजाब तेज़ी से विकास की राह पर चल रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जा रही है, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और तेज बनी रहे।
सरकार ने पात्र महिलाओं से अपने बैंक खाते और आधार से संबंधित विवरण अद्यतन रखने की अपील की है, ताकि भविष्य की किस्तों के भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस योजना को राज्य में महिला कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।