नई दिल्ली, 01 जुलाई 2026 । जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची भारत की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा के लिए रवाना हो गई हैं। यह उनकी प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगी, जिसमें दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा सहयोग को नई दिशा देने पर चर्चा होगी।
भारत पहुंचने के बाद ताकाइची 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगी। इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। दोनों नेता निवेश, व्यापार, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, मजबूत सप्लाई चेन, समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
यह दौरा 1 से 3 जुलाई तक चलेगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक में दोनों देश अपने रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने पर भी जोर देंगे।
यह दौरा अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री मोदी के जापान दौरे के बाद हो रहा है और दोनों देशों की विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
इस उच्चस्तरीय दौरे में व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन), हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझेदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे एजेंडे में शामिल हैं। दोनों देश ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए नए समझौतों पर भी हस्ताक्षर कर सकते हैं। भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी लगातार मजबूत होती रही है। ऐसे समय में यह दौरा दोनों देशों के राजनीतिक, आर्थिक और सामरिक संबंधों को और गहरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस यात्रा से निवेश, प्रौद्योगिकी और क्षेत्रीय सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिलेगी।