नई दिल्ली, 30 जून् 2026 । दिल्ली में आवारा कुत्तों (स्ट्रीट डॉग्स) के प्रबंधन और उनकी बेहतर देखभाल के लिए एक नई डिजिटल पहल शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत राजधानी के प्रत्येक स्ट्रीट डॉग को 15 अंकों की यूनिक डिजिटल आईडी प्रदान की जाएगी। इस डिजिटल पहचान के जरिए कुत्तों की पहचान, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, नसबंदी (स्टरलाइजेशन), टीकाकरण और उनके स्थान का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रखा जाएगा।
- एमसीडी ने दिल्ली में स्ट्रीट डॉग्स की आबादी कंट्रोल करने के लिए अलग-अलग 20 एनजीओ को स्ट्रीट डॉग्स के स्टरलाइजेशन और वैक्सीनेशन का काम सौंपा है।
- बावजूद इसके दिल्ली में स्ट्रीट डॉग्स की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
- स्ट्रीट डॉग्स की संख्या सही तरीके से कंट्रोल करने के लिए एमसीडी का पशु विभाग स्ट्रीट डॉग्स को माइक्रोचिप लगाने की योजना पर काम कर रहा है।
- पशु विभाग के तहत 13 संस्थाएं मिलकर 20 स्टरलाइजेशन सेंटर और वैक्सीनेशन सेंटर चलाए जा रही हैं।
- जिस भी स्ट्रीट डॉग को स्टरलाइजेशन के लिए सेंटर लाया जाएगा, उसी दौरान उसे माइक्रोचिप लगा दी जाएगी।
- अधिकारी ने बताया कि स्ट्रीट डॉग्स के कान पर एक ISO-प्रमाणित माइक्रोचिप लगाई जाएगी।
- सड़क पर चिप नहीं लगा सकते। इसलिए उन्हें कैटल पॉइंट पर लाया जाता है।
- फिलहाल दिल्ली में एमसीडी मालवीय नगर, तिमारपुर और नजफगढ़ में तीन सेंटर ऐसे हैं जहां टैग लगाए जाते हैं।
इस पहल का उद्देश्य स्ट्रीट डॉग्स की वैज्ञानिक तरीके से गणना करना, उनके स्वास्थ्य की निगरानी करना और एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) तथा एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन (ARV) कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाना है। डिजिटल डेटाबेस तैयार होने से यह पता लगाना आसान होगा कि किस क्षेत्र में कितने स्ट्रीट डॉग हैं और किनका टीकाकरण या नसबंदी हो चुकी है।
योजना के तहत संबंधित एजेंसियां प्रत्येक स्ट्रीट डॉग का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करेंगी, जिसमें उसकी यूनिक आईडी, लिंग, अनुमानित आयु, स्वास्थ्य स्थिति, टीकाकरण और नसबंदी की जानकारी दर्ज की जाएगी। इससे एक ही कुत्ते का बार-बार सर्वे या उपचार करने की आवश्यकता कम होगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस डिजिटल पहचान प्रणाली से रेबीज नियंत्रण, पशु कल्याण और शहरी प्रबंधन को मजबूती मिलेगी। साथ ही, स्ट्रीट डॉग्स से जुड़े मामलों के समाधान और उनके संरक्षण के लिए भी यह पहल उपयोगी साबित हो सकती है।