भोजपुर , 30 जून् 2026 । बिहार के भोजपुर जिले के जगदीशपुर में आगामी 5 जुलाई को बहुजन महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संरक्षक जीतन राम मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महापंचायत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
5 जुलाई को जगदीशपुर में बहुजन महापंचायत
जगदीशपुर के लाल बिहारी सिंह टोला हाईस्कूल मैदान में बहुजन महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इस महापंचायत को भरत तिवारी समर्थक महापंचायत के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि इस महापंचायत के आयोजकों की ओर से दावा किया जा रहा है कि इसका उद्देश्य बहुजन समाज को एकजुट करना और सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व को मजबूत करना है।
आयोजकों के अनुसार, महापंचायत में सामाजिक न्याय, दलित एवं वंचित वर्गों के अधिकार, शिक्षा, रोजगार, आर्थिक सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन के विस्तार को लेकर भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किए जाने की संभावना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन भी आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है।
राजनीतिक दृष्टि से इस बहुजन महापंचायत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बिहार में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच विभिन्न दल सामाजिक आधार मजबूत करने की कोशिश में जुटे हैं। ऐसे में जीतन राम मांझी की मौजूदगी और उनका संबोधन राजनीतिक रूप से भी खास माना जा रहा है।