जालंधर के भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस का सख्त एक्शन

अतिक्रमण और नियम उल्लंघन पर कार्रवाई, दुकानदारों में मची अफरा-तफरी

0

जालंधर , 24 जून्‌ 2026 । जालंधर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण, अवैध पार्किंग तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिससे बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और व्यापारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस दौरान श्री राम चौक, मिलाप चौक, फगवाड़ा और भगत सिंह में चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान नगर निगम की टीम ने अवैध रूप से पार्क किए गए सामान को जब्त किया और गाड़ियों को टो किया, वहीं ट्रैफिक पुलिस भी अवैध रूप से पार्क की गई गाड़ियों को टो कर रही है।

अधिकारियों के अनुसार, शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और बाजारों में अव्यवस्थित व्यवस्था को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर सड़क तक फैला सामान हटवाया गया, अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश दिए गए और यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाजारों में भीड़भाड़ और अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे न केवल व्यापार प्रभावित होता है बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी वजह से नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्ती बरती जा रही है।

कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने प्रशासन से सहयोग का आश्वासन दिया, जबकि कुछ व्यापारियों ने अचानक हुई कार्रवाई पर नाराजगी भी जताई। हालांकि अधिकारियों ने कहा कि सभी व्यापारियों को पहले से नियमों की जानकारी दी गई थी और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से बाजारों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, पैदल चलने वालों को सुविधा मिलेगी और शहर की समग्र व्यवस्था में सुधार आएगा। आने वाले दिनों में अन्य व्यस्त बाजार क्षेत्रों में भी इसी तरह के निरीक्षण और कार्रवाई अभियान चलाए जाने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.