दिल्ली, 04 जून् 2026 । साउथ दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी लवकेश बजाज के कथित बयान ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बीच आरोपी द्वारा कहा गया, “दिल्ली में सब चलता है”, अब राजनीतिक और प्रशासनिक बहस का विषय बन गया है। इस बयान ने राजधानी में भवन सुरक्षा नियमों, लाइसेंसिंग प्रक्रिया और निगरानी तंत्र की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं पुलिस सूत्र ने बताया कि पूछताछ में बजाज ने कई हैरान कर देने वाले खुलासे किए हैं। ‘दिल्ली में सब चलता’ कहकर उसने होटल में तमाम बदलाव कर दिए थे। बिना फायर एनओसी के धड़ल्ले से होटल चला रहा था। जाहिर है कि संबंधित विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से इस तरह होटल का संचालन कर पाना संभव नहीं था। ऐसे में यह सवाल भी उठता है कि उन कर्मचारियों या अधिकारियों को भी इस मामले में आरोपी बनाया जाता है या नहीं।