देहरादून, 01 जून् 2026 । भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने परिवार सहित उत्तराखंड स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। देवभूमि उत्तराखंड की इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान उन्होंने भगवान केदारनाथ और भगवान बद्रीविशाल के चरणों में देश की सुख-समृद्धि, न्याय और जनकल्याण की कामना की।
जवानों और अधिकारियों से मुलाकात की
केदारनाथ के दर्शन के बाद वे परिवार सहित गौचर पहुंचे और आइटीबीपी आठवीं वाहिनी कैंप में ठहरे। उन्होंने वाहिनी के जवानों और अधिकारियों से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा और हौसला-अफजाई की।अधिकारियों से वार्ता के बाद मुख्य न्यायाधीश जोशीमठ के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि सीजेआई का केदारनाथ, ब्रदीनाथ का दौरा काफी व्यक्तिगत रखा गया था। इस दौरान सीजेआई ने सिर्फ तीर्थ पुरोहितों से मुलाकात की और बाबा केदार की पूजा अर्चना की।