संत कबीर नगर के किसान परिवार से राष्ट्रीय संगठन तक, कौन हैं नागेंद्र नाथ त्रिपाठी
संत कबीर नगर, 01 जून् 2026 । उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर के रहने वाले नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय संगठन (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा राष्ट्रीय संगठक की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद नागेंद्र नाथ त्रिपाठी एक बार फिर चर्चा में हैं। संगठन में लंबे समय तक पर्दे के पीछे रहकर काम करने वाले नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को भाजपा के अनुभवी और रणनीतिक संगठनकर्ताओं में गिना जाता है।
सोमवार को इस नियुक्ति के संबंध में राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जानकारी दी गई। दरअसल, भाजपा अभी अपने सांगठनिक ढांचे को नए सिरे से मजबूत करने के अभियान में लगी हुई है। नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को नई जिम्मेदारी के साथ मुख्य कार्यक्षेत्र दिल्ली रहने की बात कही गई है। अभी तक वे बिहार और झारखंड में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के बेलौली गांव में किसान परिवार में जन्मे नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा संगठन से दशकों पुराना जुड़ाव रहा है। छात्र जीवन के दौरान ही वे संघ की शाखा से जुड़े और बाद में पूर्णकालिक प्रचारक के रूप में कार्य करने लगे। संगठनात्मक क्षमता के कारण उन्हें भाजपा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं। उन्होंने करीब आठ वर्षों तक उत्तर प्रदेश भाजपा में संगठन महामंत्री के रूप में काम किया। इसके बाद बिहार भाजपा में संगठन महामंत्री और फिर बिहार-झारखंड क्षेत्र के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभाली। पार्टी के अंदर उन्हें ऐसे नेता के रूप में देखा जाता है जो कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेतृत्व के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने में माहिर हैं।
संगठन को धार देने वाले नेता
नागेंद्र नाथ त्रिपाठी भले ही पर्दे के पीछे रहते हों। मीडिया में उनका नाम अधिक चर्चा में नहीं रहता है। इसके बाद भी संगठन को मजबूती देने ओर रणनीति बनाने के माहिर खिलाड़ियों में उनकी गिनती होती है। उत्तर प्रदेश से बिहार और झारखंड तक संगठन में काम करने का अनुभव है। यूपी चुनाव से पहले दिल्ली में उनकी नियुक्ति का महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उनकी नियुक्ति को भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संत कबीर नगर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले नागेंद्र नाथ त्रिपाठी की यह यात्रा भाजपा और संघ परिवार में लंबे संगठनात्मक अनुभव और कार्यशैली का परिणाम मानी जा रही है।