बिहार , 28 मई 2026 । बिहार के दुग्ध उत्पादक पशुपालकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सुधा डेयरी ने दूध खरीद दरों में ₹3 से अधिक की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। इस निर्णय से राज्य के हजारों डेयरी किसानों और पशुपालकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सबसे कम फैट वाली दूध की कीमत 33 रुपये थी। इसमें 1.75 पैसे की वृद्धि की गई है। यानी पशुपालकों को सबसे कम फैट वाले दूध की अब 34.75 रुपये कीमत मिलेगी। इसी तरह सबसे ज्यादा फैट दूध जिसकी एसएनएफ 10 होगी, उस दूध की कीमत में 3.30 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले 10 एसएनएफ वाले दूध की कीमत 77 रुपये 70 पैसे हुआ करती थी। यह अब बढ़कर 81 रुपये होगी।
जानकारी के मुताबिक, बढ़ी हुई नई दरें जल्द लागू की जाएंगी। डेयरी प्रबंधन का कहना है कि पशुपालकों की बढ़ती लागत, पशु चारे की कीमतों और उत्पादन खर्च को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। लंबे समय से किसान दूध खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
सुधा डेयरी बिहार के सबसे बड़े दुग्ध सहकारी नेटवर्क में शामिल है और राज्य के लाखों ग्रामीण परिवार इससे जुड़े हुए हैं। दूध खरीद दर बढ़ने से खासतौर पर छोटे और मध्यम स्तर के पशुपालकों की आमदनी में सुधार होने की संभावना जताई जा रही है।
डेयरी विशेषज्ञों का मानना है कि दूध खरीद मूल्य में वृद्धि से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बिहार के कई जिलों में डेयरी व्यवसाय किसानों की आय का प्रमुख स्रोत माना जाता है। ऐसे में इस फैसले से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
पशुपालकों ने डेयरी प्रबंधन के इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि बीते कुछ समय में पशु आहार, दवाइयों और रखरखाव का खर्च काफी बढ़ गया था, जबकि दूध की कीमतें उसी अनुपात में नहीं बढ़ रही थीं। ऐसे में नई दरों से उन्हें कुछ राहत मिलेगी।
सरकारी और डेयरी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों की आय मजबूत करने के लिए आगे भी कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। आने वाले समय में डेयरी सेक्टर में निवेश और तकनीकी सुविधाओं को बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।