राहुल गांधी का बड़ा हमला: बोले- ‘ट्रंप के हाथ में है मोदी का रिमोट कंट्रोल’
रायबरेली , 20 मई 2026 । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि मोदी का ‘रिमोट कंट्रोल’ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास है।” राहुल गांधी के इस बयान के बाद देश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। रायबरेली से कांग्रेस सांसद गांधी ने कहा, ”मुझे नहीं पता कि प्रधानमंत्री क्या सपने देख रहे हैं और देशवासियों से इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए क्यों कह रहे हैं। लोगों को घर पर खाना बनाने के लिए रसोई गैस भी नहीं मिल पा रही है और प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि विदेश मत जाओ, सोना मत खरीदो, इलेक्ट्रिक कारें खरीदो। मुझे बिल्कुल समझ नहीं आ रहा कि यह आदमी किस दुनिया में जी रहा है।” रायबरेली ज़िले के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के खिरोन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान राहुल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, ”खैर, उनका रिमोट कंट्रोल अमेरिका के हाथों में है।”
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार कई अहम मुद्दों पर स्वतंत्र निर्णय लेने में कमजोर साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि देश की विदेश नीति मजबूत और आत्मनिर्भर होनी चाहिए, लेकिन मौजूदा सरकार अंतरराष्ट्रीय दबाव में काम कर रही है।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि देश के आर्थिक, सामाजिक और कूटनीतिक मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई और वैश्विक मंचों पर भारत की स्थिति को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की।
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के बयान को गैरजिम्मेदार और राजनीतिक बयानबाज़ी करार दिया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि भारत की विदेश नीति पूरी तरह स्वतंत्र और राष्ट्रीय हितों पर आधारित है। पार्टी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हुई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तीखे हो सकते हैं। राहुल गांधी का यह बयान भी उसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए कांग्रेस केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।