अब Visa खत्म होने के बाद भी Canada में रह सकेंगे कई पंजाबी, नए इमिग्रेशन नियमों से मिली बड़ी राहत
पंजाब , 08 मई 2026 । कनाडा में पढ़ाई और नौकरी कर रहे हजारों पंजाबी युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। कनाडा सरकार ने अस्थायी निवास, वर्क परमिट और स्टडी परमिट से जुड़े नियमों में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं, जिसके बाद कई लोग वीजा या परमिट की अवधि समाप्त होने के बावजूद कानूनी रूप से कनाडा में रह सकेंगे। नए नियमों का सबसे ज्यादा फायदा भारतीयों, खासकर पंजाब से गए छात्रों और वर्करों को मिलने की संभावना जताई जा रही है।
पहले व्यक्ति को नौकरी या कोर्स न होने पर देश वापिस लौटना पड़ता था पर अब 1 मई 2026 से लागू नए नियमों के अनुसार स्टडी या वर्क परमिट खत्म होने के बाद 90 दिनों के अंदर विजिटर रिकॉर्ड के लिए अप्लाई किया जा सकता है। इससे व्यक्ति लीगल तौर पर बिना नौकरी या पढ़ाई के भी कनाडा में रह पाएगा। IRCC से साफ किया है कि जब तक नया विजिटर रिकॉर्ड मनजूर नहीं होता तब तक परमिट खत्म होने वाले व्यक्ति को पढ़ाई और काम बंद रखना होगा। इसके लिए $346.25 फीस देनी होगी। इस फैसले से कनाडा रह रहे हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
दरअसल, कनाडा में बड़ी संख्या में भारतीय छात्र और वर्क परमिट धारक रहते हैं, जिनमें पंजाबी युवाओं की संख्या काफी अधिक है। हाल के वर्षों में वीजा और वर्क परमिट एक्सपायर होने के मामलों में तेजी आई थी, जिसके कारण हजारों लोगों के सामने देश छोड़ने का संकट खड़ा हो गया था। इसी बीच कनाडा सरकार ने “स्टेटस एक्सटेंशन” और “मेंटेन्ड स्टेटस” से जुड़े नियमों को लेकर राहत देने वाले प्रावधान लागू किए हैं।
हालांकि विशेषज्ञों ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल वीजा खत्म होने के बाद स्वतः रहने की अनुमति नहीं मिलती। व्यक्ति को समय रहते एक्सटेंशन, ओपन वर्क परमिट, पोस्ट ग्रेजुएशन वर्क परमिट (PGWP) या किसी अन्य वैध इमिग्रेशन कैटेगरी में आवेदन करना जरूरी होगा। आवेदन समय पर करने पर ही “लीगल स्टेटस” बना रहता है।
कनाडा सरकार ने 2025 के बाद इमिग्रेशन नियमों को कुछ मामलों में सख्त भी किया है, खासकर स्टूडेंट वीजा और फैमिली ओपन वर्क परमिट को लेकर। इसके बावजूद जो लोग तय नियमों के तहत आवेदन कर रहे हैं, उन्हें राहत और वैध रहने का अवसर दिया जा रहा है।
इमिग्रेशन विशेषज्ञों का मानना है कि इन बदलावों से उन पंजाबी युवाओं को राहत मिलेगी जो पढ़ाई या नौकरी के बाद स्थायी निवास (PR) की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने लोगों को फर्जी एजेंटों और गलत दावों से सावधान रहने की सलाह भी दी है।